सिंगरौली । सिंगरौली में आम आदमी पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के शहर एवं ग्रामीण जिला अध्यक्षों ने अपने समर्थकों के साथ संगठन के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया हैइस घटनाक्रम से जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस्तीफा देने वालों में ग्रामीण जिलाध्यक्ष रतिभान प्रसाद और शहर जिलाध्यक्ष लालबाबू कुशवाहा प्रमुख रूप से शामिल हैं। लंबे समय से पार्टी के लिए सक्रिय रहे इन पदाधिकारियों के एक साथ संगठन छोड़ने से स्थानीय नेतृत्व की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
ग्रामीण जिलाध्यक्ष रतिभान प्रसाद ने मध्यप्रदेश प्रभारी एवं दिल्ली के पूर्व कैबिनेट मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर को भेजे त्यागपत्र में अपनी नाराजगी विस्तार से जाहिर की है। उन्होंने 14 नवंबर को आदिवासी दिवस पर मुख्यमंत्री की कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का उल्लेख किया है। उनका कहना है कि प्रदर्शन के दौरान वाटर कैनन के तेज दबाव से वह जमीन पर गिर गए, जिससे घुटने, हाथ और सीने में चोटें आईं। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। उनका आरोप है कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान जिले के किसी प्रमुख जिम्मेदार पार्टी नेता ने फोन तक कर हालचाल जानना उचित नहीं समझा।
महापौर पर भी उठाए सवाल
इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों की ओर से महापौर रानी अग्रवाल के व्यवहार को लेकर भी नाराजगी जाहिर की गई है। आरोप है कि पार्टी के लिए लगातार समर्पित रहने के बावजूद उन्हें संगठन में उचित महत्व और स्थान नहीं दिया गया। बीमारी के दौरान महापौर द्वारा हालचाल लेने अस्पताल नहीं पहुंचने को भी उपेक्षा का उदाहरण बताया गया है। नेताओं का कहना है कि जब संगठन के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं को ही सम्मान और सहयोग नहीं मिलेगा तो संगठनात्मक एकजुटता कैसे कायम रहेगी। इधर शहर और ग्रामीण दोनों संगठनात्मक इकाइयों के प्रमुख पदाधिकारियों के इस्तीफे से आम आदमी पार्टी के स्थानीय संगठन के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है। अब सवाल यह है कि पार्टी नेतृत्व इस नाराजगी को दूर करने के लिए क्या पहल करता है और जिले में संगठन को किस तरह संभालता है।
संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल
रतिभान प्रसाद ने अपने त्यागपत्र में स्थानीय नेतृत्व पर निजी स्वार्थ और राजनीतिक प्राथमिकताओं को जनता के अधिकारों से ऊपर रखने का आरोप लगाया है। उन्होंने संगठन में लगातार बढ़ते आंतरिक मतभेदों और असहयोग को भी इस्तीफे की वजह बताया है। उनका कहना है कि आदिवासी, गरीब, पिछड़े और दलित वर्ग सहित सर्वसमाज के अधिकारों की लड़ाई में नेतृत्व का साथ नहीं मिलना निराशाजनक है। वहीं रतिभान प्रसाद एवं लालबाबू कुशवाहा ने अपने-अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि उनकी राजनीति का उद्देश्य पद और प्रतिष्ठा हासिल करना नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के लिए संघर्ष करना है। उन्होंने कहा कि सिंगरौली की जनता ही उनका परिवार और संघर्ष की असली पहचान है। पद छोड़ने के बावजूद जनता के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा।
