खड़गपुर, आईआईटी खड़गपुर की प्लेटिनम जुबली के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संस्थान के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक विशेष स्मारक सिक्का जारी किया और ’75 Voices for Viksit Bharat’ पहल के तहत 75 छात्रों से सीधा संवाद किया। इस बातचीत के दौरान छात्रों को प्रधानमंत्री के साथ जुड़ने तथा भारत के विकसित राष्ट्र बनने की यात्रा पर अपने विचार साझा करने का अवसर मिला, जबकि संस्थान ने पिछले 75 वर्षों में अपनी शैक्षणिक व शोध यात्रा के अहम पड़ाव पूरे किए हैं।
स्वतंत्रता सेनानियों के डिटेंशन कैंप को किया याद, बंगाल की धरती और राष्ट्रीय आंदोलनों की विचारधारा को बताया प्रेरक
समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बंगाल की धरती ने हमेशा विचारों को पनपने दिया है और राष्ट्रीय आंदोलनों के लिए मजबूत आधार तैयार किया है, जबकि जिस स्थान पर आज संस्थान खड़ा है वहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों के लिए डिटेंशन कैंप हुआ करता था। उन्होंने कहा कि वर्ष 1925-27 के दौर में यहां रखे गए सेनानियों के विचारों व संघर्ष की गूंज आज भी माहौल में महसूस की जा सकती है और जिस तरह उन्होंने 20 वर्षों के भीतर आजादी का संकल्प पूरा किया, उसी तरह अब अगले 20 वर्षों में भारत को ‘विकसित भारत’ बनाने का संकल्प लेना होगा ताकि संस्थान की शताब्दी वर्षगांठ एक विकसित भारत में मनाई जा सके।
चिप से लेकर शिप तक सब कुछ ‘मेड इन इंडिया’ बनाने का आह्वान, युवाओं के हाथों में नवाचार की कमान
प्रधानमंत्री मोदी ने आत्मनिर्भरता और नवाचार पर जोर देते हुए कहा कि चुनौतियों का सामना करना उनके स्वभाव का हिस्सा है और अब चिप से लेकर शिप तक सब कुछ ‘मेड इन इंडिया’ होगा, जिसे देश के युवाओं के हाथों से तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले 75 वर्षों में संस्थान ने उल्लेखनीय कार्य किया है और अब युवाओं की ऊर्जा व संकल्प के साथ भारत को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ना है।

