अखिलेश ने दिग्विजय की यात्रा को दिया समर्थन

विशेष संवाददाता ललितपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा को समर्थन दिया है। अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के इस समर्थन पर दिग्विजय सिंह ने आभार व्यक्त किया है।

दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में कहा कि कथित वोट चोरी और मंदिरों में चढ़ावे एवं दान की राशि में अनियमितताओं के खिलाफ यह अभियान किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और सनातन परंपराओं की पवित्रता की रक्षा से जुड़ा जन आंदोलन है। यह उन सभी नागरिकों का साझा संघर्ष है, जो जनता के जनादेश और श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हैं।

उन्होंने चुनावी पारदर्शिता के लिए मशीन से पढ़ी जा सकने वाली मतदाता सूचियां तैयार करने तथा ईवीएम के स्थान पर मतपत्र से चुनाव कराने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा इस मांग को स्वीकार किया जाना भाजपा के राजनीतिक पतन की शुरुआत होगी।

दिग्विजय सिंह ने मंदिरों में चढ़ावे और दान का पारदर्शी हिसाब रखने, निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के समर्थन से इस अभियान को मजबूती मिलेगी। उन्होंने अन्य राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, धर्मगुरुओं और नागरिकों से भी यात्रा से जुड़ने की अपील की।

उज्जैन से 20 अक्टूबर को विजयादशमी के दिन शुरू हुई यह यात्रा अयोध्या स्थित राम मंदिर में संपन्न होगी।

 

Next Post

सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल में 37वां वार्षिक खेलकूद समारोह ‘जेनिथ मिराई 2026’ आयोजित

Sat Nov 21 , 2026
इटारसी। सेंट जोसेफ कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, इटारसी में 37वें वार्षिक खेलकूद समारोह ‘जेनिथ मिराई 2026’ का आयोजन किया गया. कार्यक्रम विद्यालय परिसर, गोंची तरोंदा रोड, इटारसी में दोपहर 2 बजे से आयोजित किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ब्रिगेडियर गिरिश चौधरी (सी.पी.ई., इटारसी) तथा विशिष्ट अतिथि […]

You May Like