राहुल गांधी “पार्ट टाइम नेता, फुल टाइम सैलानी”: शिवराज चौहान

नयी दिल्ली 22 अक्टूबर (वार्ता) कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वह राजनेता कम, सैलानी ज्यादा हैं। श्री चौहान एक कार्यक्रम के इतर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए चुनाव आयोग के खिलाफ एक नवंबर को विपक्ष के विरोध कार्यक्रम से संबंधित एक सवाल पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी पार्ट-टाइम राजनेता और फुल-टाइम सैलानी हैं। जब देश आनंद से झूम रहा होता है, दशहरा जैसे त्योहार मान रहा होता है, उस समय वह देश से बाहर चले जाते हैं। वह समस्या हैं, समाधान नहीं। देश को समाधान की जरूरत है।”

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि श्री गांधी और ‘सत्ता परिवर्तन’ चाहने वाला गिरोह सपने देख रहा है कि वे अराजकता फैलाकर सत्ता में आ सकते हैं। उन्होंने कहा , “मेरी उनसे (श्री गांधी से) अपील है कि वे समस्या नहीं, बल्कि समाधान बनें। देश उस घटना को कभी नहीं भूल सकता जो एक नवंबर(1984) को हुई थी-जिस दिन देश में सिखों का नरसंहार हुआ था। ऐसे दिन कांग्रेस को रैली करने के बजाय माफी मांगनी चाहिए।” गौरतलब है कि विपक्ष मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में धांधली का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहा है, जबकि आयोग और सत्ता पक्ष ने इन आरोपों को अपने-अपने स्तर पर खारिज कर दिया है।

.....

Next Post

उत्तराखंड में दलेर मेहंदी के साथ हुए स्टेज विवाद पर गरमाई सियासत, मीका सिंह और अनुपम खेर समेत कई सितारों ने किया बचाव

Thu Oct 22 , 2026
हैदराबाद, उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में स्थित प्रसिद्ध कुंजापुरी मेले के दौरान लोकप्रिय पंजाबी गायक दलेर मेहंदी के लाइव शो में हुए हंगामे ने तूल पकड़ लिया है। कार्यक्रम के दौरान राज्य के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर पहुंचकर गायक की तबीयत और परफॉर्मेंस पर सवाल उठाए थे […]

You May Like