अवैध उत्खनन रोकने पहुंचे पटवारी को कुचलने की कोशिश, हाथ तोड़ा और पंचनामा फाडक़र भागे बदमाश

रतलाम। जिले में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे एक पटवारी पर खनन माफियाओं ने ऐसा हमला किया जिसने प्रशासनिक अमले की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। देवगढ़ और हिम्मतखेड़ी पंचायत क्षेत्र में पदस्थ पटवारी अजय चौहान पर कथित खनन माफियाओं ने पहले बुलडोजर से कुचलने का प्रयास किया, फिर मारपीट कर उनका हाथ तोड़ दिया और शासकीय कार्रवाई का पंचनामा छीनकर फाड़ दिया। घायल पटवारी को प्राथमिक उपचार के बाद ऑपरेशन के लिए रतलाम के निजी अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार पटवारी अजय चौहान गांव के चौकीदार भगवानलाल के साथ शासकीय कार्य के दौरान क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे थे।

इसी दौरान नाले के पास अवैध उत्खनन करते हुए एक बुलडोजर मिला। पटवारी ने मशीन रुकवाकर दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद मौके पर पंचनामा बनाकर वाहन जब्त करने की कार्रवाई शुरू की गई।

बताया जाता है कि जब जब्त बुलडोजर और ट्राले को थाने ले जाने की तैयारी चल रही थी, तभी 4 से 5 बदमाश मौके पर पहुंचे और पटवारी के साथ अभद्रता करते हुए हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने बुलडोजर के बकेट से वार किया, फिर उनका हाथ वाहन के स्टीयरिंग में फंसाकर जोर से मरोड़ दिया, जिससे हाथ फ्रैक्चर हो गया।

हमलावर यहीं नहीं रुके। आरोप है कि उन्होंने ट्राले से पटवारी को कुचलकर जान से मारने की भी कोशिश की, लेकिन अजय चौहान किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे। इसके बाद बदमाशों ने उनके बैग से शासकीय पंचनामा छीनकर फाड़ दिया ताकि कार्रवाई के साक्ष्य नष्ट किए जा सकें और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद चौकीदार ने अन्य राजस्व अधिकारियों और ग्रामीणों को सूचना दी। घायल पटवारी को पहले आलोट के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रतलाम के निजी अस्पताल रेफर किया गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हमलावर स्थानीय गांव के नहीं बल्कि मानुनिया महादेव क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। तहसीलदार वंदना किराड़े ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को लिखित प्रतिवेदन दे दिया गया है। शासकीय कार्य में बाधा, जानलेवा हमला और शासकीय दस्तावेज नष्ट करने सहित अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

बरखेड़ा थाना प्रभारी पतीराम डावरे ने बताया कि अस्पताल में घायल पटवारी के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। उनके आवेदन के आधार पर प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर तलाश शुरू कर दी गई है।

Next Post

ब्राह्मण मिलनोत्सव: निर्धन परिवारों को शिक्षित बनाने में करेंगे मदद

Thu Jul 23 , 2026
ग्वालियर। सकल ब्राह्मण महासमिति ग्वालियर द्वारा भडैया नवमी, शहीद चंद्रशेखर आजाद की 120 वीं जयंती एवं लोकमान्य तिलक की 170 वीं जयंती के अवसर पर श्री परशुरामेश्वरम मंदिर राम कुई सनाढ्य सभा भवन में जगदगुरू आनन्देश्वर महाराज के मुख्य आतिथ्य में तथा मप्र सनाढ्य सभा के अध्यक्ष किशन मुदगल की […]

You May Like