
छिंदवाड़ा। जिले में अल्पवर्षा और संभावित जल संकट की स्थिति को देखते हुए नगर निगम के द्वारा जल संरक्षण, जल संचय और पेयजल के अपव्यय को रोकने के लिए लगातार सख्त एवं ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में निगम प्रशासन ने बड़ा निर्णय लेते हुए कहा है कि सभी क्षेत्रों में जल कनेक्शनों की गहन जांच की जाएगी तथा अवैध नल कनेक्शनों को विच्छेद करने की कार्रवाई की जाएगी। अवैध कनेक्शन धारकों को राहत एवं सुधार का अवसर प्रदान करते हुए निगम प्रशासन ने 15 दिवस की समय-सीमा तय की है, जिसके भीतर संबंधित उपभोक्ता अपने अवैध कनेक्शनों को नियमानुसार वैध करवा सकते हैं। निर्धारित 15 दिनों की अवधि पूर्ण होने के पश्चात ऐसे अवैध कनेक्शनों को काटने की सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पेयजल वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए निगम प्रशासन ने जल प्रदाय कार्य में लगे सभी टैंकरों की जीपीएस के माध्यम से निगरानी करने का भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया है, जिससे टैंकरों की आवाजाही और जल वितरण पर सतत नजर रखी जा सके। मैदानी स्तर पर की गई सख्त कार्रवाई के अंतर्गत कुलबेरा नदी में अवैध रूप से पानी खींचने के लिए लगाई गई 12 मोटरों को हटवाने की कार्रवाई की गई है। संबंधित व्यक्तियों को सख्त समझाइश दी गई है कि वे भविष्य में सीधे नदी में मोटर लगाकर पानी न लें। साथ ही, जल संचय, जल के समुचित उपयोग और जल आपूर्ति व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से इस संबंध में जल संसाधन विभाग को भी सूचित किया जाएगा, ताकि समन्वित प्रयासों से जल स्रोतों का संरक्षण किया जा सके।
