
सीधी। तिलकनगर, पड़रा स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल ‘उर्मिलेश्वर धाम’ में चल रहे सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा एवं श्री ललिता महात्रिपुर सुन्दरी विजय महायज्ञ का आज, शनिवार 21 नवंबर को भव्य समापन होगा। तीर्थराज ब्रह्मचर्य आश्रम के दण्डी स्वामी निर्भयानन्द सरस्वती ‘प्रतिवाद भयंकर’ आचार्य जी महाराज के पावन सानिध्य में बीते एक सप्ताह से क्षेत्र में भक्ति और ज्ञान की रसधार बह रही है।
गौरतलब है कि 15 नवंबर को भव्य शोभायात्रा और मण्डप प्रवेश के साथ शुरू हुए इस दिव्य अनुष्ठान में वृंदावन धाम से पधारे कथा व्यास पूज्य आचार्य नरेश पाराशर ने अपने मुखारविंद से संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का रसपान कराया। वहीं, काशी से पधारे यज्ञाचार्य अनंत श्री विभूषित जनार्दनाचार्य जी के मार्गदर्शन में प्रतिदिन सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञदेवाराधन, वेद पारायण और महायज्ञ की आहुतियां दी गईं, जिससे समूचा वातावरण धर्ममय बना रहा।
कल होगी यज्ञ पूर्णाहुति
आयोजन समिति के अनुसार, अनुष्ठान के अंतिम दिन कल सुबह नियमित यज्ञ पूजन के पश्चात कथा विश्राम, महायज्ञ की पूर्णाहुति और बाहर से पधारे विद्वान आचार्यों की ससम्मान विदाई की जाएगी।
महाप्रसाद एवं विशाल भण्डारा कल
श्रीमद् भागवत कथा एवं श्री ललिता महात्रिपुर सुन्दरी महायज्ञ के समापन अवसर पर आज, 21 नवंबर को दोपहर 1 बजे से उर्मिलेश्वर धाम परिसर में विशाल भण्डारा एवं महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया है। आयोजक मंडल ने सीधी शहर सहित आसपास के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर यज्ञ दर्शन करने और महाप्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
