मानव, पशु और पर्यावरण की सेहत को ध्यान में रखते हुए काम करना जरूरी: मुर्मु

नयी दिल्ली, 20 नवंबर (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि ‘वन हेल्थ’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मानव चिकित्सा, पशु चिकित्सा और पर्यावरण विज्ञान के विशेषज्ञों के बीच तालमेल जरूरी है।
राष्ट्रपति शुक्रवार को यहां अटल बिहारी वाजपेयी आयुर्विज्ञान संस्थान और डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के 12वें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि इंसानों, जानवरों, पौधों और पर्यावरण के बीच लगातार संपर्क के कारण एक क्षेत्र में पैदा होने वाली स्वास्थ्य समस्या दूसरे क्षेत्रों को भी प्रभावित कर सकती है। कई संक्रामक बीमारियां जानवरों से इंसानों में फैलती हैं। वहीं, वायु और जल प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण में असंतुलन भी मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौतियां हैं। ऐसे में तीनों क्षेत्रों के विशेषज्ञों को मिलकर काम करना जरूरी है। इससे बीमारियों की रोकथाम, समय पर पहचान और भविष्य के स्वास्थ्य संकटों से निपटने की तैयारी बेहतर होगी।

सुश्री मुर्मु ने कहा कि बीमारियों की रोकथाम और इलाज के लिए सामाजिक, आर्थिक, पोषण संबंधी और पर्यावरणीय परिस्थितियों को समझना जरूरी है, क्योंकि इनका सीधा असर मानव स्वास्थ्य पर पड़ता है। उन्होंने स्थानीय स्वास्थ्य चुनौतियों और परिस्थितियों के अनुसार इलाज और बचाव के उपायों पर शोध को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने बताया कि बदलती स्वास्थ्य जरूरतों को देखते हुए सरकार ने 2017 में राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति में संशोधन किया था। इस नीति में इलाज के साथ बीमारियों की रोकथाम और स्वास्थ्य को बेहतर बनाने वाली सेवाओं पर अधिक जोर दिया गया। पुनर्वास और गंभीर बीमारी में राहत देने वाली देखभाल पर भी ध्यान बढ़ाया गया है। मानसिक तनाव, मधुमेह और कैंसर जैसी गैर-संचारी बीमारियों में तेजी से हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए उनकी रोकथाम के विभिन्न पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले एक दशक में स्वास्थ्य क्षेत्र में केंद्र सरकार की ओर से उठाये गये कदमों का व्यापक असर हुआ है। इससे प्राथमिक से लेकर उच्च स्तर तक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हुआ है।
दीक्षांत समारोह में स्नातक डॉक्टरों से राष्ट्रपति ने कहा कि उनके शोध और प्रयासों से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुलभ, किफायती और जन-केंद्रित बनाया जा सकता है। उन्होंने डॉक्टरों से अपनी विशेषज्ञता का लाभ दूरदराज के इलाकों में रहने वाले वंचित समुदायों और देश की प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचाने का आह्वान किया।

.....

Next Post

रेवंत रेड्डी के बयान पर राहुल गांधी को घेरा, प्रदीप भंडारी ने पूछा- क्या देश से मांगेंगे माफी?

Fri Nov 20 , 2026
नई दिल्ली। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर दिए गए बयान के बाद बीजेपी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस के मुख्यमंत्री ही 2047 तक भारत को 30 ट्रिलियन डॉलर […]

You May Like