तिरुवनंतपुरम, 20 नवंबर (वार्ता) केरलम के पर्यटन और संस्कृति मंत्री पी.सी. विष्णुनाथ ने कहा है कि राज्य सरकार ने केंद्र सरकार की ‘वैश्विक गंतव्य परियोजना’ के लिए कोल्लम जिले स्थित अष्टमुडी की सिफारिश की है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस प्रस्तावित परियोजना के लिए ‘अष्टमुडी आर्क’ नाम से एक प्रारंभिक परियोजना रिपोर्ट तैयार कर केंद्र को सौंप दी है।
श्री विष्णुनाथ ने कोल्लम में डीटीपीसी सुविधा केंद्र के पास आयोजित 12वीं प्रेसिडेंट ट्रॉफी बोट रेस और चैंपियंस बोट लीग के फाइनल के प्रचार रैली समापन समारोह का उद्घाटन करते हुए यह जानकारी दी।
श्रम, महिला और बाल कल्याण मंत्री बिंदु कृष्णा ने समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग कोल्लम की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की क्षमता को हाईलाइट करने और वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर जिले की लोकप्रियता बढ़ाने के लिए पहल कर रहा है।
