
ओंकारेश्वर, श्री ओंकारेश्वर में मां नर्मदा की पंचक्रोशी यात्रा दिनांक 20.11.2026 को गौमुख घाट से प्रारंभ होकर दिनांक 24.11.2026 को श्री ओंकारेश्वर में संपन्न होगी। इसी दौरान कार्तिक मेले का भी आयोजन किया जा रहा है। पंचक्रोशी यात्रा एवं कार्तिक मेले के दृष्टिगत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का श्री ओंकारेश्वर पहुंचना प्रारंभ हो गया है। श्रद्धालुगण श्री ओंकारेश्वर एवं ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन, मां नर्मदा में स्नान तथा पंचक्रोशी परिक्रमा हेतु 19.11.2026 से पहुंच रहे हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से खण्डवा पुलिस द्वारा व्यापक पुलिस बल तैनात किया गया है।
इसी क्रम में आज थाना मांधाता परिसर में संपूर्ण पुलिस बल को फॉलिन कर अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मूंदी श्रीमती दिव्या झारिया एवं थाना प्रभारी मांधाता श्री अनोख सिंधिया द्वारा ड्यूटी पर तैनात बल को आवश्यक दिशा-निर्देशों के साथ ब्रीफ किया गया। ब्रीफिंग के उपरांत पुलिस बल को निर्धारित ड्यूटी पॉइंट्स के लिए रवाना किया गया।
खण्डवा पुलिस द्वारा पंचक्रोशी यात्रा एवं कार्तिक मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारू यातायात व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सतत निगरानी एवं आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
