इंदौर: शहर में सोमवार शाम चली तेज हवाओं और खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला. प्रतिकूल मौसम के कारण इंदौर आने वाली दो उड़ानों को निर्धारित समय पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी, जिसके चलते उन्हें अन्य शहरों की ओर डायवर्ट करना पड़ा. वहीं 9 से अधिक उड़ानें विलंबित रहीं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, इंडिगो की बेंगलुरु-इंदौर उड़ान निर्धारित समय के अनुसार शाम 4.25 बजे इंदौर पहुंचने वाली थी. विमान शाम 4.52 बजे इंदौर के हवाई क्षेत्र में पहुंच गया, लेकिन तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण सुरक्षित लैंडिंग संभव नहीं हो सकी. कुछ समय तक विमान ने आसमान में चक्कर लगाए, इसके बाद पायलट ने विमान को अहमदाबाद डायवर्ट करने का निर्णय लिया. इस उड़ान में 182 यात्री सवार थे. मौसम में सुधार होने के बाद विमान रात 7.44 बजे अहमदाबाद से इंदौर पहुंचा और यात्रियों को लेकर रात 8.15 बजे बेंगलुरु के लिए रवाना हुआ.
इसी तरह इंडिगो की गोवा-इंदौर उड़ान, जो शाम 4.35 बजे इंदौर पहुंचने वाली थी, निर्धारित समय के आसपास शहर के हवाई क्षेत्र में पहुंच गई थी. हालांकि मौसम अनुकूल न होने के कारण इस विमान को भी लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली और इसे वडोदरा भेज दिया गया. इस उड़ान में 189 यात्री सवार थे. बाद में विमान शाम 6.41 बजे वडोदरा से इंदौर पहुंचा और शाम 7.25 बजे अगली निर्धारित उड़ान के लिए रायपुर रवाना हुआ.
यात्रियों को करना पड़ा इंतजार
विमानों के डायवर्ट होने और कई उड़ानों के देरी से संचालित होने के कारण यात्रियों को लंबे इंतजार का सामना करना पड़ा. डायवर्ट की गई उड़ानों के यात्रियों को विमान के भीतर ही बैठाए रखा गया, जिससे उनकी असुविधा और बढ़ गई. एयरपोर्ट पर भी उड़ानों के समय में बदलाव के चलते यात्रियों के बीच भ्रम और परेशानी की स्थिति बनी रही.
