सीधी में रीवा लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: 10 हजार की घूस लेते बाबू गिरफ्तार

सीधी। जिले के रामपुर नैकिन तहसील अंतर्गत उप तहसील हनुमानगढ़ में पदस्थ एक लिपिक को रीवा लोकायुक्त की टीम ने गुरुवार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ धर दबोचा। आरोपी लिपिक कलेक्टर द्वारा जारी जमीन संबंधी एक आदेश के क्रियान्वयन को रुकवाने के बदले बुजुर्ग आवेदक से 15 हजार रुपये की मांग कर रहा था।

लोकायुक्त रीवा से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम देवरछ (पोस्ट खड्डी, तहसील रामपुर नैकिन) निवासी 57 वर्षीय हीरालाल कोल ने 18 नवंबर को रीवा लोकायुक्त कार्यालय में पुलिस अधीक्षक के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि नायब तहसीलदार वृत्त-हनुमानगढ़ कार्यालय में पदस्थ लिपिक भूपेंद्र सिंह चौहान द्वारा कलेक्टर के जमीन संबंधी आदेश का क्रियान्वयन रोकने के एवज में 15,000 रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।

सत्यापन के बाद बिछाया गया जाल

शिकायत मिलने पर लोकायुक्त पुलिस संभाग रीवा द्वारा मामले का गोपनीय सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख एवं उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया।

गुरुवार, 19 नवंबर को योजना के मुताबिक आवेदक हीरालाल कोल रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 10,000 रुपये लेकर उप तहसील हनुमानगढ़ पहुंचे। जैसे ही लिपिक भूपेंद्र सिंह चौहान ने रिश्वत की रकम हाथ में ली, पहले से मुस्तैद लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

लोकायुक्त टीम ने मौके से रिश्वत के 10 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। आरोपी लिपिक के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में शामिल टीम

इस सफल ट्रैप कार्यवाही को निरीक्षक एस. राम मरावी एवं निरीक्षक संदीप सिंह भदोरिया के नेतृत्व में विपुस्था लोकायुक्त कार्यालय रीवा की टीम द्वारा अंजाम दिया गया।

Next Post

शिवपुरी में महाकाल दर्शन को जा रही टूरिस्ट बस की नए ट्रैक्टर से भिड़ंत, बड़ा हादसा टला; सभी यात्री सुरक्षित

Thu Nov 19 , 2026
शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में टूरिस्ट बस और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा बदरवास थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-46 पर अटलपुर बंगला के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, गुजरात से पर्यटकों को लेकर एक टूरिस्ट बस उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए जा रही […]

You May Like