
बालाघाट, जिला गोंदिया पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, स्थानीय अपराध शाखा ने एक महिला की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पति की महिला मित्र से नाराज पत्नी ने उसकी हत्या करवाने के लिए सुपारी दी थी।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका वर्षा धुरनलाल तुरकर (35 वर्ष), निवासी धानोरा, जिला पुणे, दीपावली की छुट्टियों में अपने मायके ग्राम किन्ही, तहसील खैरलांजी, जिला बालाघाट आई हुई थी। दिनांक 14 नवंबर 2026 को वह गोंदिया निवासी अपने मित्र नितेश अग्रवाल के साथ तिरोड़ा गई थी। वहां से वापस लौटते समय ग्राम बोंडरानी स्थित शिव मंदिर के पास जंगल में रुके हुए थे। इसी दौरान शाम लगभग 5:30 से 6 बजे के बीच तीन अज्ञात व्यक्तियों ने वर्षा तुरकर के पेट और पीठ पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी।
घटना की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना दवनीवाड़ा में 15 नवंबर 2026 को अपराध क्रमांक 650/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई।
पुलिस की जांच में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस अधीक्षक गोंदिया श्री गौरव भामरे के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा एवं पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण, गोपनीय जानकारी और विभिन्न साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। जांच में सामने आया कि नितेश अग्रवाल की पत्नी मोना अग्रवाल ने अपने पति और मृतका वर्षा तुरकर के बीच मित्रता से नाराज होकर हत्या की साजिश रची थी। इसके लिए आरोपियों को सुपारी दी गई थी।
पुलिस ने जांच के दौरान हत्या की योजना बनाने, सुपारी देने तथा हत्या को अंजाम देने में शामिल व्यक्तियों की भूमिका उजागर की।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
आरोपियों में इमरान करीम शेख, उम्र 26 वर्ष , शाहबाज खान फिरोज खान पठान, उम्र 33 वर्ष , कुणाल श्यामलाल कुंभलकर, उम्र 31 वर्ष , सौ. मोना नितेश अग्रवाल, उम्र 42 वर्ष।
सभी आरोपियों के पते गोंदिया जिले के बताए गए हैं।
पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक 7गौरव भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
