आरडीयू के मॉडरेशन सेल के कर्मचारियों ने खड़े किए हाथ, सामूहिक स्थानांतरण मांगा

जबलपुर,  रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में अव्यवस्थाओं को उजागर करने वाले पत्रों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब गोपनीय विभाग के मॉडरेशन सेल के कर्मचारियों ने संसाधनों की कमी से परेशान होकर काम करने में असमर्थता जताते हुए सामूहिक स्थानांतरण की मांग कर दी है। 16 नवंबर को कुलसचिव को लिखे पत्र में कर्मचारियों ने कार्टेज, कागज, फोटोकॉपी मशीन सहित जरूरी सामग्री की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा है कि प्रश्न-पत्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य के लिए भी आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। कर्मचारियों के मुताबिक पहले कभी ऐसी स्थिति नहीं बनी, लेकिन अब छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी अधिकारियों के सामने गुहार लगानी पड़ रही है।

समय पर परीक्षा कराना भी चुनौती

विश्वविद्यालय का शैक्षणिक सत्र पहले ही निर्धारित कैलेंडर से करीब छह माह पीछे चल रहा है। परीक्षा में देरी पर कभी जनगणना ड्यूटी तो कभी कर्मचारियों के अवकाश का हवाला दिया जाता रहा है, लेकिन मॉडरेशन सेल के पत्र ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं की एक और कमजोरी उजागर कर दी है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जरूरी सामग्री के अभाव में समय पर प्रश्न-पत्र तैयार करना संभव नहीं होगा। साथ ही इसकी पूरी जवाबदेही उच्च अधिकारियों की तय करने की चेतावनी भी दी है।

कर्मचारियों के हाथ खड़े करते ही सक्रिय हुआ प्रशासन

मॉडरेशन सेल के कर्मचारियों की सामूहिक स्थानांतरण की मांग के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आया है। सूत्रों के अनुसार, अब बिना टेंडर कलेक्ट्रेट दर पर कागज खरीदी की तैयारी की जा रही है। कुलगुरु कार्यालय से मिले मार्गदर्शन के बाद कुलसचिव कार्यालय ने इस संबंध में आदेश भी तैयार कर लिया है। ऐसे में सवाल यह है कि प्रश्न-पत्र निर्माण जैसे अति गोपनीय और महत्वपूर्ण कार्य के लिए जरूरी सामग्री की व्यवस्था समय रहते क्यों नहीं की गई और कर्मचारियों के हाथ खड़े करने के बाद ही प्रशासन क्यों जागा?

Next Post

वृद्धा के गले से सोने की चेन छीनी बाइक सवार दो बदमाश फरार

Thu Nov 19 , 2026
जबलपुर। विजयनगर थाना अंतर्गत शिवशक्ति शिव पार्क के पास जैन मंदिर पूजा करने जा रही 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली। पुलिस ने बताया कि शिवनगर निवासी श्रीमती प्रभा सिंघई (80) पैदल मंदिर जा रही थीं, तभी पीछे से आए बाइक […]

You May Like