सतना। आज महापौर योगेश कुमार ताम्रकार ने पद्माशंकर चैरिटेबल ट्रस्ट, सतना द्वारा CMA स्कूल में बालिकाओं के लिए आयोजित निःशुल्क जूडो-कराटे एवं मार्शल आर्ट प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।
इस अवसर पर महापौर ने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें आत्मरक्षा के गुर सीखने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा जीवन में आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देना समय की आवश्यकता है। इससे उनमें न केवल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि आत्मविश्वास और साहस का भी विकास होगा।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष फेरुमल तोलवानी, मंत्री संदीप जैन, कोषाध्यक्ष कमल जानवानी, प्राचार्य सतीश कुमार पाण्डेय, श्रीमती राजश्री जैन, प्रशिक्षक वीरेन्द्र प्रताप सिंह, प्रशिक्षिका सुश्री दीपिका नामदेव एवं सुश्री सुरभि चतुर्वेदी सहित विद्यालय की छात्राएं एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
बालिकाओं को सशक्त, सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पद्माशंकर चैरिटेबल ट्रस्ट की यह पहल सराहनीय है।
