सिंगरौली। शहर के अंबेडकर चौक से बलियरी जाने वाले मार्ग पर बदहाल सड़क, उड़ती धूल और जर्जर विद्युत पोल ने स्थानीय रहवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़क से गुजरने वाले वाहनों के कारण दिनभर धूल के गुबार उठते हैं, जो आसपास के घरों में पहुंच रहे हैं। स्थिति ऐसी है कि लोगों का घरों में रहना तक मुश्किल हो गया है। वहीं सड़क किनारे करीब एक वर्ष से जर्जर हालत में खड़ा विद्युत पोल भी हादसे को न्योता दे रहा है।
स्थानीय वार्डवासियों के मुताबिक, पिछले दो वर्षों से सड़क निर्माण का इंतजार किया जा रहा है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद काम शुरू नहीं हुआ। बरसात में जलभराव और अब धूल की समस्या ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। इस मार्ग से आधा दर्जन स्कूलों के विद्यार्थियों, कंपनी कर्मचारियों और सैकड़ों राहगीरों का प्रतिदिन आवागमन होता है। लोगों ने सवाल उठाया कि क्या वे नगर निगम को टैक्स नहीं देते, जो उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है?
वार्डवासियों ने महापौर, नगर निगम अध्यक्ष, पार्षद और आयुक्त से सड़क निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग की है। साथ ही निर्माण होने तक वाटर स्प्रिंकलर टैंकर से नियमित पानी का छिड़काव कराने की अपील की है। वहीं विद्युत विभाग के अधिकारियों से करीब एक साल से जर्जर विद्युत पोल को तत्काल हटाकर नया पोल लगाने की मांग की है, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को टाला जा सके।