विदिशा: मध्यप्रदेश के विदिशा में 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी से कथित सामूहिक दुष्कर्म की आशंका ने सनसनी फैला दी है। मामला शहर के शंकर नगर स्थित एक मल्टी का बताया जा रहा है। 14 नवंबर को किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर उसे एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया था। घटना के बाद सामने आए कुछ सीसीटीवी फुटेज और अन्य परिस्थितियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले में राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग (NHRC) के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनकी पोस्ट के मुताबिक, संबंधित फ्लैट में कुछ युवक रहते थे। इनमें मेडिकल कॉलेज के छात्रों के शामिल होने का भी दावा किया गया है। आरोप है कि किशोरी को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया था।
प्रियंक कानूनगो ने फ्लैट के बाहर डस्टबिन में कपड़े मिलने और उन्हें नष्ट करने की कथित कोशिश का भी जिक्र किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त करने, एफआईआर दर्ज करने और बाल कल्याण समिति (CWC) को सूचना देने में देरी हुई।इस पूरे मामले में उन्होंने सवाल उठाया है कि क्या कथित आरोपियों के रसूखदार परिवारों से संबंध होने के कारण पुलिस कार्रवाई प्रभावित हो रही है? साथ ही उन्होंने साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर जोर दिया है।
वहीं, मामले में विदिशा सीएसपी सुरेंद्र सिंह से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई। उन्होंने प्रकरण की जानकारी अपने संज्ञान में नहीं होने की बात कही। मेडिकल कॉलेज के छात्र अरविंद धाकड़ का पक्ष भी सामने आया है।फिलहाल कथित सामूहिक दुष्कर्म की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस की विस्तृत प्रतिक्रिया और जांच की स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
