दतिया में ट्रैक्टर बाइक पर पलटा, देवर-भाभी गंभीर रूप से घायल

दतिया। पंडोखर थाना क्षेत्र में समथर मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया और चारों पहियों समेत बाइक के ऊपर जा गिरा। हादसे में बाइक सवार देवर-भाभी ट्रैक्टर के नीचे दब गए। मौके से गुजर रहे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद डायल-112 की मदद से घायलों को भांडेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

हादसा समथर मोड़ के पास हुआ है। जानकारी के अनुसार, ग्राम डाबरी निवासी आशीष गौतम अपने गांव लौट रहे थे। उनके साथ उनकी भाभी निधि गौतम भी बाइक पर सवार थीं। दोनों उत्तर प्रदेश के कुंजा बरौदा से वापस गांव आ रहे थे। इसी दौरान समथर मोड़ के पास ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया और बाइक पर जा गिरा।

ट्रैक्टर के नीचे बाइक समेत दोनों सवार दब गए। हादसा देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर के नीचे फंसे दोनों को निकालने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया।अस्पताल में उपचार के दौरान युवक के पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई। उसकी हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं, उसकी भाभी की हालत भी गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार भांडेर अस्पताल में जारी है।
हादसे में बाइक और ट्रैक्टर दोनों क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद सड़क पर कुछ देर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

Next Post

न्यूजीलैंड की धरती पर एक युग का अंत, बे ओवल में भावुक हुआ क्रिकेट जगत; आखिरी बार मैदान पर उतरे रोहित और विराट

Mon Nov 16 , 2026
माउंट माउंगानुई, माउंट माउंगानुई में 22 रनों से जीत के साथ भारत ने 7 साल बाद न्यूजीलैंड में वनडे सीरीज 3-1 से जीती। कीवी धरती पर आखिरी मैच के बाद रोहित और कोहली ने फैंस को भावुक विदाई दी। न्यूजीलैंड की धरती पर भारतीय क्रिकेट के एक सुनहरे युग का […]

You May Like