बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से ओडिशा में हाई अलर्ट

भुवनेश्वर, 15 नवंबर (वार्ता) दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से बारिश और नदियों में जलस्तर बढ़ने की आशंका के मद्देनजर ओडिशा सरकार ने बाढ़ से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। जल संसाधन विभाग को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए हाई अलर्ट पर रखा गया है।

विभाग ने जलाशयों के जलस्तर की निगरानी बढ़ा दी है और बाढ़ प्रबंधन की मौजूदा रणनीतियों की समीक्षा की है। जलाशयों के संचालन के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी तैयार की गई है, ताकि मौसम की स्थिति के अनुसार समय पर समन्वित कार्रवाई की जा सके।

जल संसाधन विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ दिलीप कुमार राउत की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के आधार पर बारिश, नदियों में जलप्रवाह बढ़ने और जलाशयों में पानी की आवक की आशंका पर चर्चा की।

चक्रवात अर्नब के बाद गंजाम जिले के आठ और पड़ोसी गजपति जिले के दो मध्यम जलाशयों में जल भंडारण बढ़ने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने इन जलाशयों के मौजूदा जलस्तर की समीक्षा कर उनके संचालन के उपायों पर चर्चा की।

विभाग ने जलाशयों की चौबीसों घंटे निगरानी, विभिन्न इकाइयों के बीच समन्वय और समय पर फैसले लेने के निर्देश दिए हैं। मैदानी स्तर के अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

You May Like