इंदौर: शहर में अपराधियों की धरपकड़ से लेकर सड़कों पर नियम तोड़ने वालों तक, पुलिस ने शनिवार रात एक साथ कई मोर्चों पर कार्रवाई की. चारों जोन की पुलिस ने ऑपरेशन मिडनाइट के तहत देर रात तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस ने पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड खंगाले, फरार वारंटियों की तलाश की और नशे में वाहन चलाकर दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों को भी पकड़ा. अभियान में पुलिस ने करीब 1419 बदमाशों को चेक किया. इनमें से 722 के खिलाफ अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई.
लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहे वारंटियों की धरपकड़ में 92 स्थायी, 87 गिरफ्तारी और 115 जमानती वारंट तामील कराए गए. इसके अलावा 111 समंस भी तामील किए. पुलिस की कार्रवाई सिर्फ पुराने अपराधियों तक सीमित नहीं रही. देर रात सड़कों पर शराब पीकर वाहन चलाने वाले 289 चालकों को पकड़ा. सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 17 और मादक पदार्थों का सेवन करने वाले छह लोगों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किए. वहीं अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई में आठ आरोपियों को पकड़कर 159 क्वार्टर देशी शराब और छह बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की गई. अभियान के दौरान अन्नपूर्णा क्षेत्र में दो आरोपी चाकू लेकर घूमते मिले. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई की. आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए 103 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई.
ड्रोन से तलाशे अपराधियों के ठिकाने…
पुलिस ने उन इलाकों पर विशेष ध्यान दिया, जहां अपराधियों की सक्रियता अधिक रहती है. हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में ड्रोन से निगरानी की गई. साथ ही पुलिस ने अपराधियों की सूची के आधार पर 270 गुंडे बदमाश, 59 नकबजन, 36 लुटेरे, 124 चाकूबाज, 160 निगरानीशुदा बदमाश, 28 जिलाबदर और रासुका के आरोपी तथा 20 ड्रग्स पैडलर्स को चेक किया. महिला संबंधी अपराधों और वाहनों में आगजनी व तोड़फोड़ में शामिल रहे अपराधियों पर भी नजर रखी गई. सक्रिय और आदतन अपराधियों को थानों पर बुलाकर डोजियर भरवाए. पुलिस ने उन्हें दोबारा अपराध में शामिल होने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी. अभियान के दौरान कई फरार अपराधियों को भी पकड़ा. दूसरी ओर पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर लोगों से संवाद किया और साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
