कोचिंग संस्थान छात्र को लौटाए 1.14 लाख रुपये फीस

जबलपुर: कोरोना महामारी के दौरान कोचिंग सेंटर बंद होने के बावजूद फीस वापस नहीं करना कोचिंग संस्थान को महंगा पड़ गया। जिला उपभोक्ता आयोग ने नई दिल्ली स्थित एक्स्ट्रा मार्क्स कोचिंग संस्थान को निर्देश दिए हैं कि वह दो माह के भीतर छात्र की जमा 1.14 लाख रुपये फीस वापस करे। साथ ही मानसिक कष्ट के लिए तीन हजार रुपये अतिरिक्त अदा करे। जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष नवीन कुमार सक्सेना व सदस्य मनोज कुमार मिश्रा और सुषमा पटेल की पीठ ने यह आदेश अब्दुल हमीद की ओर से दायर परिवाद पर सुनवाई के बाद दिया।
बहोराबाग निवासी अब्दुल हमीद ने अपने पुत्र मोहम्मद शादाब खान का नवंबर 2019 में एक्स्ट्रा मार्क्स कोचिंग, नई दिल्ली में कक्षा नौवीं से बारहवीं तक की पढ़ाई के लिए दाखिला कराया था। इसके लिए 1.14 लाख रुपये फीस जमा की गई थी। परिवाद में अधिवक्ता गौरव मिश्रा ने पक्ष रखते हुए बताया कि दाखिले के कुछ समय बाद कोरोना महामारी के कारण कोचिंग संस्थान का जबलपुर स्थित सेंटर बंद हो गया। इसके बावजूद संस्थान ने छात्र की जमा फीस वापस नहीं की। इससे परिवादी को आर्थिक नुकसान और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा। आयोग ने मामले के तथ्यों और प्रस्तुत पक्षों पर विचार करने के बाद कोचिंग संस्थान को दो माह के भीतर 1.14 लाख रुपये फीस लौटाने तथा मानसिक कष्ट के लिए तीन हजार रुपये अदा करने का आदेश दिया।

Next Post

जया बच्चन के फोन में किसकी तस्वीर? सड़क से बोतल उठाते वक्त कैमरे में कैद हुआ वॉलपेपर

Sat Nov 14 , 2026
मुंबई, जया बच्चन का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह सड़क से प्लास्टिक की बोतल उठाती दिखीं। इस दौरान उनके फोन के वॉलपेपर पर नव्या नवेली नंदा और अगस्त्य की तस्वीर भी नजर आई। बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस और सांसद जया बच्चन अक्सर अपने बेबाक अंदाज और पैपराजी के […]

You May Like