
इंदौर: महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने स्वच्छता सर्वेक्षण में नंबर दो आने पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि हम अभी भी नंबर वन हैं. एक दो दिन में शहरी विकास मंत्रालय का पोर्टल लाइव होने की उम्मीद है. रैंकिग के अंक देखने पर सब कुछ साफ हो जाएगा.स्वच्छता सर्वेक्षण में इंदौर को लेकर भ्रम की स्थिति बन गई है. आज महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने वीडियो जारी कर बताया कि इंदौर हमारा है, इंदौर स्वच्छ था, स्वच्छ है और हमेशा स्वच्छ रहेगा. इंदौरवासियों की जनभागीदारी से इंदौर आज भी स्वच्छता में नंबर वन है. विपक्ष से बस इतनी अपील है कि अपने ही शहर के बारे में बिना तथ्य और परिणाम जाने भ्रम न फैलाएं. उन्होंने कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन इंदौर की प्रतिष्ठा और हमारे सफाई मित्रों की मेहनत सबसे ऊपर है. महापौर बोले कि स्वच्छता अभियान के अंकों परिणाम आने दीजिए, सच खुद सामने आ जाएगा. इंदौर की स्वच्छता पर सवाल नहीं, गर्व होना चाहिए.
अवार्ड को लेकर स्थिति स्पष्ट की आयुक्त ने
दो दिन पहले डेढ़ के स्वच्छता सर्वेक्षण में घोषित अवॉर्ड को लेकर नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने मीडिया के सामने स्थिति स्पष्ट की है. आयुक्त सिंघल ने बताया कि इस बार केंद्र सरकार ने नियम बनाया था कि एक शहर को एक अवार्ड मिलेगा. इंदौर का जोड़ीदार शहर देपालपुर था और देपालपुर की रैंकिंग में बड़ा सुधार आया है, इसलिए इंदौर को जोड़ीदार में दूसरा नंबर मिला है. स्वच्छता सर्वेक्षण में अभी अंकों का परिणाम नहीं आया है. जब पोर्टल पर अंकों की स्थिति स्पष्ट होगी, तो इंदौर को लेकर भ्रम दूर हो जाएगा. स्वच्छता सुपर लीग में भी एक शहर को ही अवार्ड मिला है. जोड़ीदार में अहमदाबाद और सानंद पहले नंबर पर रहे है, लेकिन इंदौर सिर्फ केंद्र सरकार के नियम एक शहर एक अवार्ड के तहत बाहर हुआ है. केंद्र सरकार के पोर्टल पर अंकों का परिणाम आने पर साफ दिखाई देगा कि हम कहीं नहीं पिछड़े हैं. साथ ही कुछ कमियां रह गई होगी तो उसको भज दूर करेंगे, लेकिन इंदौर स्वच्छता का मॉडल है.
