मंत्री विजय शाह के बरूड़ दौरे में दिखा जनविश्वास अभियान का दम, एक ही दिन में 241 आवेदनों का हुआ निराकरण

खंडवा । मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत छैगांवमाखन ब्लॉक के ग्राम बरूड़ में शुक्रवार को आयोजित शिविर में मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह की मौजूदगी में ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे शासन की योजनाओं का लाभ मिला। शिविर में कुल 241 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर में जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे, नगर निगम महापौर श्रीमती अमृता यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी वानखेडे, कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एश्वर्य वर्मा और जनपद अध्यक्ष श्री महेंद्र सावनेर सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कहा कि ग्रामीणों को सरकार की सभी योजनाओं का लाभ एक ही जगह दिलाने और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित मकानों का पंजीयन कर उनकी रजिस्ट्री निशुल्क करवाई जा रही है, जिससे ग्रामीणों को उनकी संपत्ति का पूर्ण मालिकाना हक मिल सके।

सरकार गरीब परिवारों को हर माह पांच-पांच किलो निशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध करा रही है। आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब परिवारों के सदस्यों की गंभीर बीमारियों का इलाज बड़े-बड़े शहरों के जाने-माने अस्पतालों में निशुल्क किया जा रहा है।पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जनता से सीधा संवाद कर योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने किसानों से जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया, जिससे कम लागत में अधिक लाभ प्राप्त किया जा सके।कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने किसानों से कहा कि जिले में इस वर्ष कम वर्षा होने के कारण आगामी सीजन में कम पानी वाली फसलों का उत्पादन करें। उन्होंने किसानों से उद्यानिकी फसलें अपनाने की अपील की।

उन्होंने शिविर में आई महिलाओं से हीमोग्लोबिन व शुगर की जांच अवश्य कराने की अपील भी की।शिविर में महिला बाल विकास विभाग द्वारा लाडली लक्ष्मी योजना के तहत कुमारी वंशिका राठौर और कुमारी शिविका यादव को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। ग्रामीणजन श्री शांतीलाल पिता हीरालाल और बासुदेव पिता ओंकार के फौती नामांतरण संबंधी आवेदनों का निराकरण किया गया। स्वामित्व योजना के तहत अमरचंद राठौर और मोहन पटेल को लाभान्वित किया गया। गांव की रानू अनिरूद्ध कोचले, सूरमा बाई धर्मेन्द्र सिंह को पात्रता पर्ची प्रदान की गई। श्री नारायण शर्मा एवं श्री गंभीरसिंह केशरसिंह को कृषि विभाग द्वारा सॉइल हेल्थ कार्ड वितरित किया गया।

Next Post

नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व शुरू

Fri Nov 13 , 2026
सिंगरौली । जिले में सूर्योपासना का महापर्व डाला छठ का व्रत आज दिन शुक्रवार से शुरु हो गया। नहाय-खाय के साथ व्रती महिलाओं ने व्रत की शुरूआत की। सुबह व्रतियों व उनके सदस्यों ने घाट पर पहुंच कर पूजा के लिए बेदी बनाई। घर पहुंच कर लौकी की सब्जी, चने […]

You May Like