छठ के पहले दिन नमो यमुना रिवर सफारी में लाइट एंड साउंड शो में शामिल हुईं रेखा गुप्ता

नयी दिल्ली, 13 नवंबर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शुक्रवार को छठ महापर्व के पहले दिन सोनिया विहार स्थित नमो यमुना रिवर सफारी परिसर में आयोजित भव्य लाइट एंड साउंड शो में शामिल हुईं।

श्रीमती गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व की शुरुआत के अवसर पर यमुना तट पर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित इस भव्य कार्यक्रम का अनुभव विशेष है। नमो यमुना रिवर सफारी के माध्यम से दिल्लीवासियों को यमुना से जुड़ने, उसकी सांस्कृतिक विरासत को जानने और परिवार के साथ मनोरंजन के नये अवसर मिलेंगे। सरकार का प्रयास है कि यमुना आस्था के केंद्र के साथ-साथ दिल्ली के पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों की भी नयी पहचान बने। उन्होंने विपक्ष से छठ जैसे पावन पर्व पर राजनीति नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि यह आस्था, एकता और सामाजिक सद्भाव का पर्व है। सभी को राजनीतिक द्वेष भुलाकर मिल-जुलकर त्योहार मनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार यमुना के संरक्षण, स्वच्छता और उसके तटों के विकास के साथ दिल्लीवासियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। नमो यमुना रिवर सफारी और लाइट एंड साउंड शो जैसी पहल से यमुना को दिल्ली के पर्यटन, सांस्कृतिक और सामाजिक जीवन से दोबारा जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इससे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ लोगों को मनोरंजन और परिवार के साथ समय बिताने के नये अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कामना की कि छठी मैया का आशीर्वाद सभी दिल्लीवासियों पर बना रहे और राजधानी विकास, समृद्धि तथा खुशहाली की नयी ऊंचाइयों को छुए।

गौरतलब है कि 10 नवंबर को केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोनिया विहार से जगतपुर तक करीब चार किलोमीटर के जलमार्ग पर नमो यमुना रिवर क्रूज सेवा का शुभारंभ किया था। तीस यात्रियों की क्षमता वाला यह इलेक्ट्रिक क्रूज पर्यटकों को यमुना के प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू करायेगा। सेवा के विस्तार के तहत फरवरी-मार्च 2027 तक एक और क्रूज शुरू करने की योजना है। रिवर सफारी परिसर में फ्लोटिंग जेटी, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय, फूड कोर्ट, पार्किंग, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र और म्यूजिकल फाउंटेन जैसी सुविधाएं विकसित की गयी हैं।

 

 

Next Post

पुलिस विभाग के मुंशी रमाशंकर तिवारी का निधन 

Fri Nov 13 , 2026
सीधी। मध्यप्रदेश पुलिस विभाग के पीटीएस थाना रीवा में मुंशी के पद पर पदस्थ रमाशंकर तिवारी का 12 नवंबर 2026 को आकस्मिक निधन हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 नवंबर की सुबह लगभग 6 बजे उनके निजी निवास पर अचानक हृदयाघात आने से उनका निधन हो गया। उनके निधन […]

You May Like