नयी दिल्ली, 13 नवंबर (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरूवार को मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत महादेव ऑनलाइन बुक अवैध सट्टेबाजी सिंडिकेट के सह-मालिक और प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित पीएमएलए की विशेष अदालत की अनुमति के बाद उसे गिरफ्तार किया गया और अदालत ने उससे पूछताछ के लिए उसे 19 नवंबर तक सात दिन की ईडी हिरासत में भेज दिया है। वह इस सिंडिकेट का ऐसा पहला प्रमोटर है जिसे भारत वापस लाया गया है।
ईडी ने सोशल मीडिया पर जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी। ईडी के अनुसार चंद्राकर और एक अन्य सह-प्रमोटर रवि उप्पल ने भारत और संयुक्त अरब अमीरात में “सट्टेबाजी पैनलों” की फ्रेंचाइजी के जरिए दुबई स्थित अपने मुख्य कार्यालय से “महादेव ऑनलाइन बुक” (विभिन्न ऑनलाइन सट्टेबाजी वेबसाइटों) का संचालन किया था। खिलाड़ियों का पैसा अन्य लोगों के नाम पर रखे गए बैंक खातों के माध्यम से हवाला के जरिए देश से बाहर भेजा गया था।
ईडी की 20 अक्टूबर 2023 की मुख्य शिकायत में सिंडिकेट की कमाई का अनुमान लगभग 450 करोड़ रुपये प्रति माह लगाया गया था। चंद्राकर ने सितंबर 2023 में ईडी द्वारा जारी समन का जवाब नहीं दिया था और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से लगातार बचता रहा।
ईडी के आवेदन पर विशेष अदालत ने 04 सितंबर 2023 को उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया, और इसके तुरंत बाद ईडी के अनुरोध पर इंटरपोल ने भी उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। ईडी ने भारत-ओमान प्रत्यर्पण संधि के तहत राजनयिक चैनलों के माध्यम से ओमान सल्तनत की विशेष अदालत में उसके प्रत्यर्पण का अनुरोध किया था। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की एक टीम उसे 01 नवंबर 2026 को मस्कट से वापस लेकर आई।
इस मामले में ईडी ने अब तक लगभग 190 परिसरों की तलाशी ली है, लगभग 2,000 करोड़ रुपये जब्त या फ्रीज किए हैं और अब लगभग 3,500 करोड़ रुपये की संपत्ति संलग्न की है, जिसमें दुबई में 22 अचल संपत्तियों सहित विदेश में लगभग 1,800 करोड़ रुपये की संपत्ति शामिल है। एजेंसी ने 116 आरोपियों के खिलाफ छह अभियोजन चार्जशीट दायर की हैं। इस मामले में चंद्राकर ईडी द्वारा गिरफ्तार किए गया 15वां शख्स है।
ईडी की हिरासत में सौरभ चंद्राकर से उसके सहयोगियों के बयानों, डिजिटल डेटा, उसकी विदेशी संस्थाओं से जुड़े दस्तावेजों और मनी लॉन्ड्रिंग के अपराध के सबूतों के आधार पर पूछताछ की जाएगी। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
