नयी दिल्ली, 13 नवंबर (वार्ता) दिल्ली में लगातार गंभीर होते वायु प्रदूषण को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन ने केंद्र और दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि उन्होंने दिल्लीवासियों को फिर जहरीली हवा में सांस लेने के लिए छोड़ दिया है।
श्री माकन ने कहा कि बच्चों और बुजुर्गों को सरकार के भरोसे जहरीली हवा में सांस लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है लेकिन प्रदूषण पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
श्री माकन ने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि 12 नवंबर सुबह नौ बजे से 13 नवंबर सुबह नौ बजे तक के 24 घंटे के औसत के अनुसार, दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 418 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। वहीं, जनसंख्या के आधार पर भारित औसत एक्यूआई 424 रहा।
उन्होंने बताया कि सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के आठ निगरानी केंद्रों पर एक्यूआई 500 के पार पहुंच गया। इनमें वसुंधरा एन्क्लेव, मथुरा रोड, नॉर्थ कैंपस, एनएसआईटी द्वारका, वजीरपुर, आनंद विहार, चांदनी चौक और आईआईटी दिल्ली शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि 500 वायु गुणवत्ता सूचकांक की अधिकतम सीमा है, न कि निगरानी उपकरणों की मापने की सीमा।
कांग्रेस नेता के अनुसार, दिल्ली में ‘मध्यम’ या उससे खराब वायु गुणवत्ता वाले निगरानी केंद्रों के चार किलोमीटर के दायरे में करीब 2.09 करोड़ लोग रहते हैं, जो दिल्ली की कुल आबादी का 92.1 प्रतिशत है। उन्होंने आगाह किया कि इस तरह की जहरीली हवा के कारण बच्चों, बुजुर्गों और सांस तथा हृदय संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां और बढ़ सकती हैं।
श्री माकन ने सरकार से प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों पर तत्काल कार्रवाई करने, वसुंधरा एन्क्लेव जैसे गंभीर रूप से प्रभावित इलाकों में स्थानीय स्तर पर प्रभावी कदम उठाने और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग और दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति की जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदूषण रोकने में लापरवाही और निष्क्रियता बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि आखिर दिल्ली के बच्चों और बुजुर्गों को कब तक इस जहरीली हवा में सांस लेने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने सरकारों से प्रदूषण पर बयानबाजी के बजाय ठोस और तत्काल कदम उठाने की मांग की।

