लाहौर, पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के परिवार के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। पंजाब सरकार द्वारा हिरासत के आदेश वापस लिए जाने के बाद गुरुवार को इमरान खान की दो बहनों, डॉ. उज्मा खान और नोरीन नियाजी को लाहौर की कोट लखपत जेल से रिहा कर दिया गया। विपक्षी दल पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के वरिष्ठ नेता मूनिस इलाही ने इस खबर की पुष्टि करते हुए इसे एक सकारात्मक कदम बताया है, हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि खान की बड़ी बहन अलीमा खान और पत्नी बुशरा बीबी अभी भी जेल में बंद हैं।
सितंबर में सुरक्षा कानून के तहत हुई थी गिरफ्तारी, पीटीआई नेताओं ने चुनिंदा राहत के बजाय पूर्ण न्याय की उठाई मांग
बता दें कि देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों के लिए लोगों को एकजुट करने से रोकने के उद्देश्य से प्रशासन ने सितंबर महीने में एक कड़े सुरक्षा कानून के तहत इमरान खान की तीनों बहनों को हिरासत में लिया था। दो बहनों की रिहाई के बाद पीटीआई के वरिष्ठ नेता जुल्फी बुखारी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस आंशिक कदम से अन्याय खत्म नहीं हो जाता और न ही खान के परिवार को दी गई यातनाएं मिट सकती हैं। पार्टी नेताओं ने सरकार से मांग की है कि किसी भी तरह की चुनिंदा राहत देने के बजाय राजनीतिक उत्पीड़न बंद किया जाए और सभी को जल्द से जल्द रिहा किया जाए।
अदियाला जेल में वकीलों ने की इमरान खान से मुलाकात, ब्लड प्रेशर और आंखों की रोशनी की समस्या के बीच दिखा पक्का इरादा
दूसरी ओर, इस्लामाबाद हाई कोर्ट के निर्देश के बाद पीटीआई के वकीलों के एक दल ने बुधवार को अदियाला जेल में 74 वर्षीय इमरान खान से करीब चार घंटे तक मुलाकात कर कानूनी मामलों पर चर्चा की। मुलाकात के बाद वरिष्ठ वकील लतीफ खोसा ने जानकारी दी कि इमरान खान को ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव और आंखों से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिसके इलाज के लिए उन्हें हाल ही में अस्पताल भी ले जाया गया था। हालांकि, शारीरिक परेशानियों और 100 से अधिक मुकदमों का सामना करने के बावजूद इमरान खान के हौसले पूरी तरह बुलंद हैं।

