श्योपुर: श्रीखाटूश्याम बाबा के प्रति सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर श्यामप्रेमियों में आक्रोश देखा गया। सैकड़ों श्यामप्रेमी कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए थाने का घेराव किया। यह आपत्तिजनक पोस्ट वार्ड क्रमांक 10 निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक सत्यनारायण गुप्ता द्वारा की गई थी। इस पोस्ट में खाटूश्याम बाबा के नाम पर ‘धर्म की दुकान खोलने’ जैसी टिप्पणी की गई थी, जिससे श्याम भक्तों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
बड़ी संख्या में श्यामप्रेमी कोतवाली थाने पर जमा हुए। श्याम भक्त मंडल के अध्यक्ष विकास गर्ग ने बताया कि संबंधित व्यक्ति की टिप्पणी पूरी तरह अभद्र और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है।भक्तों ने थाने में एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें कहा गया कि खाटूश्याम बाबा उनके आराध्य हैं और उनके प्रति किसी भी तरह की गलत टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ तत्काल प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी अमर्यादित हरकतें न हों।
टीआई सतीश चौहान को ज्ञापन सौंपते समय भक्तों ने जोर दिया कि इस तरह की पोस्ट केवल श्योपुर ही नहीं, बल्कि देशभर के श्यामभक्तों की आस्था को ठेस पहुंचाती है, इसलिए सख्त कार्रवाई आवश्यक है।
