
नीमच। शहर के चर्चित ईशान हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी निहाल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद आरोपी उपचार के लिए उदयपुर में भर्ती था। वहां से आगे के उपचार के लिए उसे नीमच के श्रीराम हॉस्पिटल लाया गया था। गुरुवार को पुलिस ने भारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचकर उसे अपनी गिरफ्त में लिया।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने श्रीराम हॉस्पिटल में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। इस दौरान अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को एम्बुलेंस के जरिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कैंट थाने ले जाया गया। कार्रवाई के दौरान अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।
घटनाक्रम से जुड़ी दो गाडिय़ां जब्त
हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़ी दो गाडिय़ां भी जब्त की हैं। इनमें एक सफेद रंग की थार और दूसरी सफेद-काले रंग की आई-20 कार शामिल है। खास बात यह है कि दोनों ही गाडिय़ों पर नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस इन वाहनों की भूमिका और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और दो वाहनों की जब्ती के बाद पुलिस अब मामले की आगे की जांच में जुटी है। आरोपी से पूछताछ के दौरान हत्याकांड से जुड़े घटनाक्रम, अन्य लोगों की भूमिका और वारदात के पीछे के कारणों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की संभावना है।
