गढ़चिरौली में मनाया जायेगा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर राष्ट्रीय कार्यक्रम

नयी दिल्ली, 12 नवंबर (वार्ता) भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर इस वर्ष 15 नवंबर को महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में राष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा और उसी दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनजातीय लोगों की बेहतरी के लिए 2913 करोड़ रुपये की लागत से 246 परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे।
केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरांव ने गुरुवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर गढ़चिरौली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम को श्री मोदी संबोधित करेंगे और इस मौके पर वह जनजातीय लोगों के कल्याण से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। जनजातीय गौरव पखवाड़ा एक से 15 नवंबर तक आयोजित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को ही देश के सभी राज्यों में अलग-अलग कार्यक्रम आयाेजित किये जायेंगे। इनमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग शामिल होंगे।
श्री ओरांव ने बताया कि 15 नवंबर को संसद भवन में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उप राष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य हस्तियां माल्यार्पण करेंगे।
श्री ओरांव ने एक प्रश्न के उत्तर में बताया कि जनजातीय लोगों के लिए आवंटित धन का बहुत अच्छा इस्तेमाल किया जा रहा है। बजट का लगभग 95 प्रतिशत भाग का उपयोग कर लिया जाता है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यभार संभालने के बाद से जनजातीय लोगों के जीवन में उल्लेखनीय सुधार आये हैं। शिक्षा के क्षेत्र में भी बहुत तरक्की हुई है।
उन्होंने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर शोध करने वालों को पूरा प्रोत्साहन और मदद मुहैया करायी जायेगी। इसके साथ ही आजादी की लड़ाई में शामिल रहे जनजातीय लोगों के जीवन पर शोध करने वालों को भी प्रोत्साहित किया जायेगा।

.....

Next Post

विदिशा में शराब पीने से रोकने पर विवाद, कॉलोनाइजर की पिटाई और ऑफिस में तोड़फोड़

Thu Nov 12 , 2026
विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा में कॉलोनी में शराब पीने से रोकना एक कॉलोनाइजर को भारी पड़ गया। आरोप है कि शराब पी रहे युवकों ने पहले कॉलोनी की महिलाओं के साथ अभद्रता की और विरोध करने पहुंचे कॉलोनाइजर सुनील गुप्ता के साथ मारपीट कर दी। इतना ही नहीं, आरोपियों […]

You May Like