होटल की चौथी मंजिल से कूदकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने की खुदकुशी

​इंदौर। लसुड़िया थाना क्षेत्र के निपानिया स्थित त्रिवेणी होटल की चौथी मंजिल से कूदकर एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना बुधवार देर रात की है। देर रात करीब 2 बजे होटल कर्मचारी ने युवक को पीछे के खाली प्लॉट में गंभीर अवस्था में पड़ा देखा और तुरंत अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लसूड़िया थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

​लसूड़िया पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राजकुमार पिता शिवसिंह यादव(46) निवासी लक्ष्मी नगर के रूप में हुई है। वह पिछले लगभग डेढ़ महीने से अपनी पत्नी सर्वरी बेगम और 8 साल की बेटी के साथ होटल त्रिवेणी में ठहरा हुआ था।​पूछताछ में मृतक की पत्नी सर्वरी बेगम ने बताया कि होटल का बिल 70 हजार रुपये से अधिक हो गया था। बिल का भुगतान न हो पाने के कारण होटल संचालक ने पत्नी और बेटी को जाने तथा राजकुमार को रुककर भुगतान करने की बात कही थी। इसके चलते सर्वरी बुधवार शाम को कोलकाता के लिए निकल गई थी और उसने पति को वहाँ पहुँचकर पैसे भेजने का आश्वासन दिया था, लेकिन देर रात उसे राजकुमार की मौत की खबर मिली।
​जांच में सामने आया कि राजकुमार पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर था और नौकरी छोड़कर खुद का काम शुरू करना चाहता था। वह दिसंबर 2025 से आर्थिक तंगी के चलते लगातार परेशान चल रहा था। उसके पिता का एक प्लॉट यश श्रीवास्तव नाम के व्यक्ति के माध्यम से बिका था, जिससे उसे भुगतान मिलना बाकी था। राजकुमार को उम्मीद थी कि गुरुवार को पेमेंट मिलते ही वह होटल का बिल चुका देगा।​पारिवारिक पृष्ठभूमि की बात करें तो राजकुमार ने 2007 में सर्वरी बेगम से पहचान के बाद शादी की थी और बाद में 2010 में परिजनों की मर्जी से प्रीति यादव नाम की महिला से दूसरी शादी की थी। पारिवारिक विवाद के बाद वह पहली पत्नी के साथ रहने लगा था। पुलिस के मुताबिक मृतक के पिता, माँ और पुलिस सेवा में कार्यरत एक भाई इंदौर में ही रहते हैं। लसूड़िया थाना पुलिस मामले के सभी पहलुओं, आर्थिक लेनदेन और पारिवारिक तनाव की गहनता से पड़ताल कर रही है।

Next Post

ग्वालियर के अतुल की नोटिस ओटीटी पर हुई रिलीज

Thu Nov 12 , 2026
ग्वालियर: शहर के फिल्ममेकर अतुल सुमन सोनी ने एक बार फिर फिल्म जगत में ग्वालियर का नाम रोशन किया है। उनके लाइन प्रोडक्शन से जुड़ी फिल्म नोटिस अब वेव्स ओटीटी पर रिलीज हो चुकी है, जिसे दर्शक घर बैठे बिल्कुल निःशुल्क देख सकते हैं। फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में […]

You May Like