सतना: शहर के स्मार्ट सिटी क्षेत्र में बिड़ला कॉर्पोरेशन सीमेंट फैक्ट्री के लिए संचालित रेलवे लाइन स्थानीय रहवासियों के लिए गंभीर परेशानी का सबब बनी हुई है। रेलवे लाइन पर स्थित महुआ बस्ती (घुरडांग), मुख्तियारगंज और मारुति नगर सहित आसपास की घनी आबादी वाले इलाकों में रेलवे फाटक बार-बार और लंबे समय तक बंद रहने के कारण रोज घंटों ट्रैफिक जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। इन व्यस्त मार्गों पर न तो रेलवे अंडरब्रिज है और न ही ओवरब्रिज , जिससे हजारों लोगों का दैनिक आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
रेलवे फाटक के लगातार बंद रहने से स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर पहुंचने वाले नौकरीपेशा लोगों, गंभीर मरीजों और आम राहगीरों को भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है। आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहन तक जाम में फंस रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सुरक्षित आवागमन के लिए कोई वैकल्पिक रास्ता न होने से क्षेत्र में हर वक्त हादसों की आशंका बनी रहती है।
रेलवे का पल्ला झाड़ने वाला जवाब
आवागमन की इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय निवासी महेंद्र सिंह सोलंकी ने 5 अगस्त 2025 को रेलवे प्रशासन को पत्र लिखकर स्थल पर तुरंत अंडरब्रिज या ओवरब्रिज निर्माण की मांग की थी। इसके जवाब में पश्चिम मध्य रेलवे, जबलपुर के महाप्रबंधक कार्यालय (इंजीनियरिंग विभाग) के मुख्य पुल इंजीनियर द्वारा 26 अगस्त 2025 को एक पत्र जारी किया गया। रेलवे ने पत्र में स्पष्ट किया है कि बिड़ला सीमेंट फैक्ट्री को जोड़ने वाली यह रेलवे लाइन निजी ट्रैक है और इसका पूर्ण अनुरक्षण (मेंटेनेंस) बिड़ला प्रबंधन द्वारा स्वयं किया जाता है। रेलवे के मानकों के अनुसार इस लाइन पर बनी क्रॉसिंग और ब्रिज संबंधी निर्माण कार्य कराना बिड़ला प्रबंधन की ही जिम्मेदारी है। चूंकि संबंधित स्थल रेलवे सीमा से बाहर का परिसर है, इसलिए रेलवे ने इस शिकायत को समाधान हेतु बिड़ला सीमेंट फैक्ट्री के सक्षम अधिकारियों को अग्रसारित कर दिया है।
पत्राचार के महीनों बाद भी जमीनी स्तर पर काम सिफर
रेलवे प्रशासन द्वारा पत्राचार किए जाने के महीनों बीत जाने के बाद भी अब तक अंडरब्रिज या ओवरब्रिज निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। रेलवे और बिड़ला प्रबंधन के बीच तालमेल की कमी का खामियाजा शहर के नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।
