लापता लोगों की तलाश की मांग को लेकर सड़कों पर उतरा दांगी समाज

सीहोर। खाईखेड़ा से लापता एक ही परिवार के तीन सदस्यों की तलाश की मांग को लेकर बुधवार को दांगी समाज सड़क पर उतर आया. समाज अध्यक्ष बाबूलाल दांगी के नेतृत्व में समाजजनों ने भोपाली फाटक से एसपी कार्यालय और कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया. हाथों में लापता लोगों की तस्वीरें लेकर पहुंचे समाजजनों ने एएसपी प्रशांत चौबे और डिप्टी कलेक्टर किरण सिंह को ज्ञापन सौंपकर जल्द तलाश करने की मांग की. समाज ने पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि समय सीमा में ठोस कार्रवाई नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा.

गौरतलब है कि भोपाल निवासी किरन दांगी ने पुलिस को आवेदन देकर अपने पिता सुरेश दांगी, मां ओमवती दांगी और भाई राजेश दांगी के लापता होने की शिकायत की है. उनके अनुसार तीनों 3 नवंबर से ग्राम खाईखेड़ा स्थित जमीन से लापता हैं. बताया गया कि परिवार के तीनों सदस्य 24 अक्टूबर से वहां रह रहे थे.

किरन ने अपने आवेदन में बताया कि जिस रात तीनों लापता हुए, उस समय उनके मामा डालचंद दांगी उर्फ डमरू और चंदन भी घटनास्थल पर मौजूद थे. परिवार का इन लोगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. शिकायतकर्ता ने इस विवाद को भी मामले की जांच के दौरान ध्यान में रखने की मांग की है. किरन के मुताबिक उन्होंने अहमदपुर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक उनके माता-पिता और भाई का कोई सुराग नहीं मिला है। उन्होंने घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच कराने, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालने और मामले की निष्पक्ष जांच कर तीनों को जल्द तलाशने की मांग की है.अब पुलिस की जांच पर सभी की निगाहें टिकी हैं. सेमरा दांगी के विनय सिंह दांगी ने कहा कि तीनों लोगों का एक साथ लापता होना गंभीर मामला है. पुलिस को पूरी गंभीरता और तत्परता से उनकी तलाश करनी चाहिए. आम आदमी पार्टी के नेता केपी सिंह बघेल ने भी घटना को चिंताजनक बताते हुए खोजबीन में तेजी लाने की मांग की. इस दौरान सीहोर एसडीओपी प्रेम नारायण भी मौजूद रहे. उन्होंने समाजजनों को बताया कि पुलिस लगातार लापता लोगों की तलाश कर रही है और जल्द ही उनका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.

दीवार पर लाल रंग पोतने को लेकर भी संदेह

किरन ने आवेदन में आशंका जताई है कि तीनों के लापता होने के अगले दिन घटनास्थल की एक दीवार पर लाल रंग पोत दिया गया. उन्हें संदेह है कि वहां मारपीट जैसी कोई घटना हुई हो सकती है और रंग पोतकर संभावित साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया गया हो. उन्होंने अपने छोटे मामा के पैर में चोट के निशान और पट्टी होने का भी उल्लेख किया है। पुलिस की मानें तो ये सभी बातें शिकायतकर्ता के आरोप और आशंकाएं हैं, जिनकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.

 

 

 

Next Post

स्वच्छता में बुधनी की राष्ट्रीय स्तर पर तीसरी रैंक

Thu Nov 12 , 2026
बुधनी। स्वच्छता के क्षेत्र में बुधनी ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है. स्वच्छता सर्वेक्षण में 25 हजार आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बुधनी ने देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त किया है, जबकि मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है. 11 नवंबर को […]

You May Like

मनोरंजन