सागर। सागर संभागायुक्त दिलीप कुमार ने नगर परिषद बंडा के उपयंत्री आकाश राठौर को पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही एवं अनियमितता बरतने के मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित किया।निलंबन आदेशानुसार उपयंत्री आकाश राठौर द्वारा मुख्यमंत्री अधोसंरचना निर्माण योजना, कायाकल्प योजना (बरा चौराहा), प्रधानमंत्री आवास योजना-2.0, अमृत 2.0 योजना, ओएसटी फिल्टर निर्माण, एसडीआरएफ योजना के विभिन्न कार्यों, मुख्य मार्गों के सौंदर्यीकरण, नगर के विभिन्न स्थानों पर फुटपाथ निर्माण सहित अन्य निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं पाई गई। इसके अतिरिक्त कायाकल्प योजना के अंतर्गत बरा चौराहे के सौंदर्यीकरण कार्य के संबंध में नगर परिषद की परिषद के संकल्प क्रमांक 14, दिनांक 8 जुलाई 2026 के अनुसार भी संबंधित द्वारा कोई कार्यवाही प्रस्तावित नहीं की गई। साथ ही सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण नहीं किया जा रहा था।
इस संबंध में कलेक्टर द्वारा श्री राठौर को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर जवाब मांगा गया था। उनके द्वारा प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। प्रकरण के परीक्षण एवं प्राप्त प्रस्ताव के अवलोकन के बाद पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही, स्वेच्छाचारिता एवं अनियमितता पाए जाने पर कमिश्नर दिलीप कुमार द्वारा मध्यप्रदेश नगरपालिका सेवा (कार्यपालन) नियम 1973 के नियम 36 एवं मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।
