शर्मनाक: रीवा में विवाहित महिला से गैंगरेप, पुलिस ने नहीं की कार्रवाई; तो न्याय की गुहार लगाने एसपी ऑफिस पहुंची पीड़िता

रीवा। रीवा जिले से एक बेहद सनसनीखेज और शर्मनाक मामला सामने आया है।

जिले के गढ़ थाना क्षेत्र में घर से बाजार जा रही एक विवाहित महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया।

हैरानी की बात यह है कि वारदात को अंजाम देने वाले कोई और नहीं, बल्कि पीड़िता के ही गांव के दो युवक बताए जा रहे हैं।

फिलहाल इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है।

पीड़िता का आरोप है कि स्थानीय थाने में शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे परेशान होकर वह आज न्याय की गुहार लगाने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची है।

दरअसल, यह पूरा मामला रीवा के गढ़ थाना क्षेत्र का है। पीड़िता के मुताबिक, बीती 2 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे वह अपने घर से सामान लेने के लिए बाजार जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसे गांव के ही दो युवक मिले। दोनों युवकों ने महिला को बाजार तक छोड़ने का झांसा दिया और अपनी चार पहिया गाड़ी में बैठा लिया।

महिला को इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि जिन गांव के युवकों पर वह भरोसा कर रही है, उनकी नीयत में खोट है।

आरोपी युवकों ने गाड़ी को बाजार की तरफ ले जाने के बजाय देव कोठार के सुनसान जंगल की ओर मोड़ दिया। जंगल के भीतर ले जाकर दोनों आरोपियों ने महिला के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पीड़िता को बुरी तरह डराया-धमकाया। पीड़िता का आरोप है कि दबंग आरोपी अब उसे और उसके पति को टुकड़ों में काटकर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। आरोपियों के खौफ और पुलिस की बेरुखी से परेशान महिला ने हिम्मत जुटाई और स्थानीय गढ़ थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई।

पीड़िता का गंभीर आरोप है कि गढ़ थाना पुलिस ने उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया।

फिलहाल आरोपियों के खुलेआम घूमने और लगातार मिल रही जान से मारने की धमकियों से दहशत में आया पीड़ित परिवार आज रीवा के पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा।

यहां पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को आवेदन सौंपकर अपने और अपने पति की जान की सुरक्षा की मांग की है। साथ ही, दोनों नामजद आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और सख्त से सख्त सजा दिलाने की गुहार लगाई है।

 

You May Like