
राजगढ़। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती की समस्या को लेकर विरोध प्रदर्शन कर हाईवे जाम करने वाले किसानों पर अब पुलिस ने कार्रवाई की है. गत मंगलवार को हुए चक्काजाम के मामले में राजगढ़ कोतवाली पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. इनमें पांच लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है.
गौरतलब है कि खाजला ग्रिड से जुड़े करीब 25 गांवों के किसान पिछले 20-25 दिनों से बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से परेशान थे. समस्या के समाधान की मांग को लेकर किसानों ने 10 नवंबर को कलेक्ट्रेट के सामने खिलचीपुर-राजगढ़ के बीच जयपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया था. किसानों के इस प्रदर्शन के चलते करीब डेढ़ घंटे तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही. बाद में मौके पर पहुंचे अधीक्षण यंत्री और डिप्टी कलेक्टर निधि भारद्वाज ने किसानों से चर्चा कर जाम खुलवाया था. इसके बाद पुलिस ने मामले में मांगीलाल, हेमराज तंवर, चैनसिंह, फूलचंद और नारायण तंवर सहित कुल 15 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.
पूर्व विधायक भी थे शामिल
हालांकि बिजली कटौती के विरोध में किसानों द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन में पूर्व विधायकगण भी शामिल थे. पूर्व विधायकों ने किसानों की मांग का समर्थन करते हुए प्रशासन से व्यवस्था में सुधार की मांग की है. हालांकि प्रकरण केवल 5 किसानों पर ही दर्ज किया गया है.अब इस मामले में कांग्रेस क्या रूख अपनाती है देखने वाली बात होगी.
