
सौंसर, क्षेत्र में वन्यजीवों की बढ़ती सक्रियता से ग्रामीणों में भय का माहौल है। बेलगांव में हुई घटना के बाद बीती रात बेरड़ी में एक तेंदुए ने मवेशियों के कोठे में घुसकर 6 बकरियों को अपना शिकार बना लिया। लगातार हो रहे हमलों से इलाके के किसानों और पशुपालकों में भारी दहशत व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित किसान मनोज भक्ते के खेत में मवेशियों का कोठा बना हुआ है। बीती रात तेंदुए ने कोठे में घुसकर वहां बंधी 6 बकरियों को मार डाला। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना पर सौंसर डिप्टी रेंजर इंद्रपाल सिंह कुड़ापे वन अमले के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घटना की पुष्टि करते हुए उन्होंने बताया कि परिसर के निरीक्षण के दौरान तेंदुए के पगमार्क मिले हैं। हालांकि, उन्होंने तेंदुए के साथ शावकों के मौजूद होने की बात से इनकार किया है।
उपवन मंडल अधिकारी सुश्री कीर्ति बाला गुप्ता ने ‘नवभारत’ से चर्चा में बताया कि वन अमले को क्षेत्र में लगातार सर्चिंग करने के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि तेंदुए के मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है और वरिष्ठ अधिकारियों से निर्देश मिलते ही क्षेत्र में पिंजरा लगाने की कार्रवाई की जाएगी।
लगातार हो रहे हमलों को देखते हुए स्थानीय किसानों ने वन विभाग से शीघ्र पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है, ताकि किसी जनहानि से पहले स्थिति पर काबू पाया जा सके।
