छठ पर अपनों से मिलने की बेचैनी, दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर उमड़ी भीड़

नई दिल्ली। दिल्ली रेलवे स्टेशन पर इन दिनों छठ पर घर लौटने वालों की भारी भीड़ देखी जा रही है। किसी के हाथ में बड़े-बड़े बैग हैं, तो कोई अपने छोटे बच्चों के साथ प्लेटफॉर्म पर ट्रेन का इंतजार कर रहा है। किसी के साथ पूरा परिवार है, तो कोई अकेले ही अपने गांव और शहर की ओर रवाना हो रहा है। इन यात्रियों के लिए यह सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि सालभर बाद माता-पिता और परिवार से मिलने का मौका है।
छठ के प्रति लोगों की आस्था और उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई लोगों ने पर्व पर घर जाने के लिए अपनी नौकरी तक छोड़ दी है। कुछ लोगों ने रिजाइन कर दिया है, तो कई लोग दफ्तर में अलग-अलग वजह बताकर छुट्टी लेकर घर जा रहे हैं। किसी के लिए परिवार से मिलना जरूरी है, तो किसी के लिए छठ पूजा में शामिल होना सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
वहीं, बिहार सरकार की ओर से चलाई जा रही स्पेशल ट्रेनों को लेकर भी यात्रियों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कई यात्रियों का कहना है कि स्पेशल ट्रेन चलने से उन्हें काफी राहत मिली है। सामान्य ट्रेनों में टिकट की मारामारी और भारी भीड़ के बीच ये ट्रेनें उनके लिए एक बेहतर विकल्प बनकर आई हैं। यात्रियों ने बिहार सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि इन ट्रेनों से उन्हें अपेक्षाकृत आसानी से अपने घर पहुंचने का मौका मिल रहा है।
हालांकि, अब भी बड़ी संख्या में यात्री कन्फर्म टिकट की परेशानी से जूझ रहे हैं। किसी को वेटिंग टिकट मिला है, तो कोई आखिरी समय तक ट्रेन और सीट की तलाश में है। इसके बावजूद चेहरों पर मायूसी से ज्यादा घर पहुंचने की खुशी दिखाई दे रही है।
दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उमड़ती यह भीड़ सिर्फ यात्रियों की संख्या नहीं है, बल्कि अपने गांव, मिट्टी, परिवार और परंपरा से जुड़े उस भावनात्मक रिश्ते की तस्वीर है, जो छठ महापर्व के दौरान हर साल देखने को मिलता है। टिकट मिले या वेटिंग रहे, ट्रेन में जगह मिले या इंतजार करना पड़े, लोगों की एक ही कोशिश है कि किसी तरह छठ से पहले अपने घर पहुंच जाएं और अपनों के साथ इस महापर्व को मना सकें।

Next Post

वन विभाग के सरकारी आवास में लगी आग, घरेलू सामान जलकर राख

Wed Nov 11 , 2026
शहडोल। शहर के पाली रोड स्थित वन विभाग कार्यालय परिसर के एक सरकारी आवास में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बुधवार को लगभग 11ः30 बजे दिन शासकीय आवास से आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख विभागीय कर्मचारियों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। […]

You May Like