इंदौर. सांवेर थाना क्षेत्र में पुराने पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में बदमाशों ने एक युवक को घेरकर उसके साथ मारपीट और गाली गलौज की. आरोपियों ने युवक पर पिस्टल भी तान दी और बाद में जमीन पर गोली चला दी. गोली जमीन से टकराकर युवक की जांघ में जा लगी, जिससे वह घायल हो गया.घटना 10 नवंबर की रात करीब 10:40 बजे धरमपुरी में जैतपुरा ब्रिज के पास पेट्रोल पंप के सामने की है. ग्राम मुंडला हुसैन निवासी अरविंद गवलिया का पुराने पैसों के लेनदेन को लेकर नयन मंडलोई, सोनू सिगरेट और उनके अन्य साथियों से विवाद हो गया था.
आरोप है कि बदमाशों ने अरविंद के साथ गाली-गलौज और मारपीट की. इस दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल भी किया. आरोपियों ने अपने साथ लाई पिस्टल अरविंद पर तान दी और फिर जमीन पर गोली चला दी. गोली जमीन से टकराकर अरविंद की जांघ में लगी, जिससे उसके दो घाव हो गए और खून बहने लगा. घायल की शिकायत पर सांवेर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी और एससी एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है.
