एमपीईबी परिसर के स्टोर यार्ड में भडक़ी आग

सतना : शहर के प्रेम नगर क्षेत्र में स्थित मप्रपूक्षेविविकंलि के परिसर में मंगलवार की शाम अचानक उस वक्त हडक़ंप मच गया जब वहां के केबल यार्ड में अचानक आग भडक़ उठी. घटना की सूचना मिलने पर सक्रिय हुई ननि के अग्रिशमन दस्ते ने मोर्चा संभाला. पांच दमकल वाहनों की मदद से फायर फाइटर्स द्वारा आधे घंटे तक कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पा लिया गया.प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम लगभग 7 बजे प्रेम नगर स्थित एमपीईबी परिसर के स्टोर के निकट केबल यार्ड में अचानक आग भडक़ गई. विद्युत कर्मियों की नजर जब तक उक्त घटनाक्रम पर पड़ती और उसे नियंत्रित करने के प्रयास शुरु किए जाते, आग न सिर्फ भडक़ने लगी बल्कि उसका दायरा भी फैलने लगा.

यह देख मौके पर मौजूद विद्युत कर्मियों के हाथ-पैर फूल गए. आनन-फानन में वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई. इसी कड़ी में नगर निगम की अग्रिशमन शाखा को भी सूचना दे दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही अग्रिशमन दस्ता फौरन हरकत में आया और शहर के सभी स्टेशनों पर मौजूद दमकल वाहनों को मौके के लिए रवाना कर दिया गया. वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी और कोतवाली थाना प्रभारी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए. पुलिस द्वारा मौजूद लोगों को घटनास्थल से दूर किया जाने लगा. वहीं दमकल वाहनों के मौके पर पहुंचने के बाद दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए पानी की बौछार शुरु की. ननि के कुल 5 दमकल वाहन की मदद से फायर अधिकारी के नेतृत्व में दर्जन भर फायर फाइटर्स आधे घंटे से अधिक समय तक कड़ी मशक्कत करते रहे. जिसका नतीजा यह हुआ कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया.
नुकसान का आकलन जारी
विद्युत मण्डल परिसर में भडक़ी आग हलांकि स्टोर तक नहीं पहुंच पाई. लेकिन इसके बावजूद भी आस पस रखे कुछ सामान आग की चपेट में आ गए. आकलन के बाद ही हुए नुकसान का अंदाजा लगाया जा सकेगा. वहीं दूसरी ओर आग लगने की जानकारी मिलने पर आसपास के रहवासी भी दहशत में आ गए. इसकी वजह पूर्व में भडक़ चुकी भयंकर आग के दौरान ट्रांसफार्मरों का फूटना बताया गया. लेकिन गनीमत रही कि एक ओर जहां परिसर के अंदर आग के दायरे को फैलने से पहले ही उस पर काबू पा लिया गया. वहीं दूसरी ओर इसके चलते किसी तरह की जनहानि सामने नहीं आई.

Next Post

भारत ने एनएसए अजीत डोभाल के खिलाफ खालिस्तानी आतंकी पन्नू के आरोपों को खारिज किया, समन को बताया मनगढ़ंत और बेबुनियाद

Wed Nov 11 , 2026
नई दिल्ली,  भारत सरकार ने खालिस्तानी आतंकवादी और सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) के मुखिया गुरपतवंत सिंह पन्नू द्वारा अमेरिकी अदालत में दायर सिविल मुकदमे को सिरे से खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने वीकली मीडिया ब्रीफिंग के दौरान स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार […]

You May Like