दादा की अयोग्यता से पोते का उत्तराधिकार खत्म नहीं: हाईकोर्ट

जबलपुर। ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर के कार्यकारी न्यासी पद पर उत्तराधिकार को लेकर परिवार की दो शाखाओं के बीच चल रही कानूनी लड़ाई में हाईकोर्ट ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। न्यायमूर्ति विवेक जैन की एकलपीठ ने स्पष्ट किया कि परिवार की वरिष्ठ शाखा के मुखिया को पद के लिए अनुपयुक्त घोषित कर देने से उसके वंशजों का उत्तराधिकार स्वतः समाप्त नहीं हो जाता। इसी कानूनी सिद्धांत के आधार पर कोर्ट ने राव शिव शरण सिंह के पुत्र राव पुष्पेंद्र सिंह की कार्यकारी न्यासी पद पर नियुक्ति को बरकरार रखते हुए राव देवेंद्र सिंह की प्रथम अपील खारिज कर दी।
विवाद की पृष्ठभूमि 19 जनवरी 1967 के जिला न्यायालय के आदेश से जुड़ी है। तत्कालीन जिला न्यायाधीश, ईस्ट निमाड़ खंडवा ने राव सौभाग्य सिंह को जीवनपर्यंत कार्यकारी न्यासी नियुक्त करते हुए उनके बाद पद का उत्तराधिकार ज्येष्ठाधिकार के आधार पर निर्धारित किया था। व्यवस्था के अनुसार उत्तराधिकारी का पद के लिए उपयुक्त होना भी आवश्यक था। राव सौभाग्य सिंह के निधन के बाद उनके बड़े पुत्र राव शिव शरण सिंह कार्यकारी न्यासी बने, लेकिन 30 नवंबर 1999 को कोर्ट ने उन्हें वित्तीय मामलों के संचालन और व्यक्तिगत आचरण के आधार पर पद के लिए अनुपयुक्त घोषित कर दिया था। इसके बाद सवाल उठा कि क्या पिता की अनुपयुक्तता के कारण उनकी संतान भी उत्तराधिकार से वंचित हो जाएगी? हाईकोर्ट ने इसका उत्तर नकारात्मक दिया। अदालत ने कहा कि वरिष्ठ शाखा के किसी सदस्य की व्यक्तिगत अनुपयुक्तता का प्रभाव उसके वंशजों के उत्तराधिकार अधिकार पर स्वतः नहीं डाला जा सकता। ज्येष्ठाधिकार के सिद्धांत के तहत वंशजों की पात्रता का स्वतंत्र परीक्षण आवश्यक है।
महाभारत के प्रसंग का उल्लेख-
फैसले की खास बात इसमें महाभारत के प्रसंगों का उल्लेख है। कोर्ट ने देवव्रत यानी भीष्म की प्रतिज्ञा और धृतराष्ट्र-पांडु के बीच राजसत्ता के उत्तराधिकार से जुड़े प्रसंगों के माध्यम से प्राचीन भारतीय उत्तराधिकार परंपराओं की चर्चा की। हालांकि, न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया कि महाकाव्य और पौराणिक कथाएं कानून के बाध्यकारी स्रोत नहीं हैं, लेकिन उनसे प्राचीन भारतीय विधिक दर्शन को समझने में मदद मिलती है।
अदालत का आदेश बरकरार, अपील खारिज –
हाईकोर्ट ने 24 नवंबर 2025 को द्वितीय जिला न्यायाधीश, खंडवा द्वारा एमजेसी में पारित आदेश को बरकरार रखा। इसके तहत राव पुष्पेंद्र सिंह की नियुक्ति को चुनौती देने वाली राव देवेंद्र सिंह की अपील खारिज कर दी गई।

Next Post

बरही अग्निकांड: खामियों की पड़ताल शुरू

Wed Nov 11 , 2026
कटनी। बरही में हुए भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत के मामले में मजिस्ट्रियल जांच शुरू हो गई है। हादसे के कारणों का पता लगाने और अग्निशमन व्यवस्था में संभावित खामियों की पड़ताल के लिए प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। मंगलवार को जांच […]

You May Like