मुथूट फाइनेंस ने की सरकारी स्कूलों में शौचालय सुविधाओं के उन्नयन की पहल की घोषणा

नयी दिल्ली, 10 नवंबर (वार्ता) देश में स्वर्ण आधारित ऋण सुविधा देने वाली प्रमुख गैर बैंकिंग वित्तीय सेवा कंपनी मुथूट फाइनेंस लिमिटेड ने अपने सामाजिक कल्याण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहलों की घोषणा की है जिसमें उत्तर, पूर्व और पश्चिम भारत के सरकारी स्कूलों में स्वच्छता सुविधाओं के उन्नयन के लिए एक करोड़ रुपये की पहल तथा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल, सड़क सुरक्षा और दिव्यांगजनों के सहयोग सहित 11 सामुदायिक कल्याण परियोजनाएं शामिल हैं।

कंपनी ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि स्कूलों में स्वच्छता सुविधाओं को मजबूत करने की यह विशेष पहल पूर्व चेयरमैन दिवंगत एम. जी. जॉर्ज मुथूट की 77वीं जयंती के अवसर पर की गयी है। विज्ञप्ति के अनुसार कंपनी ने शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए एक दशक में 13,411 से अधिक विद्यार्थियों को कुल 3.75 करोड़ रुपये की छात्रवृत्तियां प्रदान की हैं।

मुथूट ग्रुप के प्रबंध निदेशक अलेक्जेंडर जॉर्ज मुथूट ने एक कार्यक्रम के दौरान इन सामाजिक दायित्व वाली नयी पहलों की घोषणा करते हुए कहा कि स्कूल स्वच्छता परियोजना का उद्देश्य विशेष रूप से ग्रामीण और सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों के स्कूलों में हजारों विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक शौचालय सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

कंपनी ने हाल ही में हरियाणा के पानीपत जिले के बरौली में लगभग 800 विद्यार्थियों वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नए शौचालय ब्लॉक बनवाया है।

मुथूट फाइनेंस ने उत्तर दिल्ली के विभिन्न स्कूलों में कक्षा आठवीं और नाैवीं के 100 मेधावी विद्यार्थियों को मुथूट एम. जॉर्ज एक्सीलेंस पुरस्कार, फिरोजाबाद में छात्राओं को साइकिलें, वडोदरा के स्कूलों कक्षों के उन्नयन, राजकोट में डिजिटल कंप्यूटर प्रयोगशाला की स्थापना तथा अहमदाबाद के विभिन्न स्कूलों में 5,000 विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन से संबंधित सामग्री वितरण जैसे पहले की हैं।

 

Next Post

दिग्विजय सिंह का बड़ा बयान उमंग सिंघार और जीतू पटवारी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा 2028 का विधानसभा चुनाव

Tue Nov 10 , 2026
गुना। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को गुना में एक अनौपचारिक चर्चा के दौरान राजनीति, धर्म, और आगामी चुनावों को लेकर खुलकर कई बड़े बयान दिए हैं। इस दौरान उन्होंने साफ किया कि मध्य प्रदेश में आगामी 2028 का विधानसभा चुनाव पार्टी के प्रमुख […]

You May Like