पुलिस वाहन देखकर तालाब में कूदे 4 युवक, 3 की मौत; शहडोल में देर रात तक अस्पताल में हंगामा, जांच समिति गठित

शहडोल। सोमवार शाम चौपाटी के पीछे स्थित तालाब में बड़ा हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम करीब 7:30 से 7:45 बजे के बीच पुलिस का गश्ती वाहन देखकर चार युवक डर गए और तालाब में कूद गए। हादसे में तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक युवक तैरकर बाहर निकल आया। सूचना मिलते ही सोहागपुर और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद SDRF की टीम को बुलाया गया, जिसने करीब एक घंटे की तलाश के बाद तीनों युवकों को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान घरौला मोहल्ला निवासी समीर बंशकार, गौरव बंशकार और दुर्गेश बंशकार के रूप में हुई है। तीनों युवक कांग्रेस भवन के पीछे स्थित वंशकार मोहल्ले में रहते थे। वहीं पुष्पेंद्र उर्फ पंकज की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक, चारों युवकों के तालाब में कूदने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है और मामले की जांच की जा रही है।

अस्पताल में परिजनों का हंगामा

तीनों युवकों को जिला अस्पताल लाने के बाद परिजनों ने डॉक्टरों के मौजूद नहीं होने और एंबुलेंस में देरी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। रात करीब 10:30 बजे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय अवस्थी भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि एंबुलेंस समय पर मौके पर नहीं पहुंची और जिला अस्पताल में डॉक्टर भी मौजूद नहीं थे। उनका कहना था कि अगर समय पर एंबुलेंस और डॉक्टर मिल जाते तो युवकों की जान बच सकती थी। इसके बाद अजय अवस्थी अस्पताल के सामने धरने पर बैठ गए।

घटना के बाद तहसीलदार समेत कई प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे। मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा होने के चलते अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। परिजन और स्थानीय लोग देर रात करीब 3 बजे तक अस्पताल में हंगामा करते रहे। अधिकारियों ने समझाइश देकर लोगों को शांत कराया।

रात 11:30 बजे अस्पताल पहुंचे एडीएम

रात करीब 11:30 बजे एडीएम सरोधन सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय अवस्थी से बातचीत की। उनके साथ सोहागपुर एसडीएम अमृता गर्ग और तहसीलदार दीपक पटेल भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परिजनों और कांग्रेस नेताओं से बात कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

कलेक्टर ने बनाई त्रिस्तरीय जांच समिति

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने त्रिस्तरीय जांच समिति गठित की है। समिति में प्रशासन की ओर से एडीएम सरोधन सिंह, पुलिस विभाग से एडिशनल एसपी अभिषेक दीवान और स्वास्थ्य विभाग से सिविल सर्जन डॉ. शिल्पी सराफ को शामिल किया गया है। समिति पुलिस वाहन देखकर युवकों के तालाब में कूदने, उन्हें बचाने के प्रयास, एंबुलेंस की उपलब्धता और अस्पताल में डॉक्टरों की मौजूदगी समेत पूरे मामले की जांच करेगी।

परिजनों का आरोप है कि पुलिस की गश्ती गाड़ी देखकर युवक डर गए थे और इसी वजह से तालाब में कूदे। उनका यह भी आरोप है कि युवकों को समय पर बचाने के प्रयास नहीं किए गए और घटनास्थल पर एंबुलेंस भी नहीं पहुंची। हालांकि, पुलिस ने अभी युवकों के तालाब में कूदने की वजह की पुष्टि नहीं की है।

मंगलवार को होगा पोस्टमॉर्टम

मंगलवार को तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने तीनों मृतकों के परिवारों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। यानी तीनों परिवारों को कुल 75 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।

Next Post

सिंगरौली के बरहपान में मकान गिरने से 3 की मौत, CM ने की 2-2 लाख की सहायता की घोषणा

Tue Nov 10 , 2026
सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बरहपान गांव में मकान गिरने की दर्दनाक घटना में विश्वकर्मा परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। घायलों का जिला अस्पताल सह ट्रॉमा सेंटर और सिंगरौली […]

You May Like