जेन्सेन हुआंग के कथित जासूस के साथ संबंध की खबरों के बीच एनवीडिया बोर्ड ने शुरू की स्वतंत्र जांच

सैंटा क्लारा (कैलिफोर्निया), 09 नवंबर (वार्ता) अमेरिकी चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेन्सेन हुआंग के एक कथित चीनी जासूस के साथ संबंध होने की खबरों के बीच कंपनी ने स्वतंत्र जांच शुरू करने की घोषणा की है। श्री हुआंग ने सोमवार को जारी एक बयान में पत्नी और बच्चों को पहुंची तकलीफ के लिए खेद जताते हुए अपने कृत्य की पूरी जिम्मेदारी स्वीकार की। उन्होंने कहा कि उनके इस व्यवहार का कोई बहाना नहीं है और वह अपने परिवार का भरोसा दोबारा जीतने की कोशिश करेंगे।

उन्होंने अपने परिवार और कंपनी से माफी मांगते हुए कहा, “मुझे अपने परिवार से और आप से माफी मांगनी चाहिए। मैंने अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई की। मेरी हरकतों से उसे और हमारे बच्चों को बहुत दुख पहुंचा। मैंने जो किया, उसके लिए कोई बहाना नहीं है। मुझे बहुत पछतावा है।” उल्लेखनीय है कि ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने पिछले महीने सबसे पहले यह रिपोर्ट दी थी कि श्री हुआंग के सिंगापुर स्थित एक डेटा सेंटर कंपनी की बॉस ऐलिस हुआंग के साथ करीबी संबंध थे। सुश्री हुआंग पर चीन को जानकारी देने का संदेह था। इसमें ऐसी जानकारी भी शामिल हो सकती है, जो अमेरिका की राष्ट्रीय और आर्थिक सुरक्षा से जुड़ी है।

श्री हुआंग ने कहा कि उनका परिवार हमेशा उनके साथ खड़ा रहा और प्यार तथा सहयोग दिया, लेकिन उन्होंने परिवार को निराश किया और साथ मिलकर बनाए गए जीवन को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने अपनी पत्नी और परिवार के प्रति प्यार जताते हुए कहा कि माफी से उनके किए को बदला नहीं जा सकता, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि समय के साथ परिवार इस स्थिति से उबर सकेगा। एनवीडिया के कर्मचारियों, निदेशक मंडल, साझेदारों और शेयरधारकों से भी श्री हुआंग ने माफी मांगी। उन्होंने कहा कि कंपनी का नेतृत्व करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है, लेकिन वह अपनी जिम्मेदारी पर खरे नहीं उतरे। उन्होंने एनवीडिया के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए सभी का विश्वास फिर से जीतने का संकल्प जताया।

इस बीच, एनवीडिया के निदेशक मंडल ने कहा कि हालिया मीडिया रिपोर्टों में श्री हुआंग को विदेशी खुफिया प्रयास का निशाना बनाए जाने की बात सामने आने के बाद स्वतंत्र जांच शुरू की गई है। स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति बाहरी स्वतंत्र कानूनी सलाहकारों की मदद से जांच की निगरानी करेगी।
बोर्ड ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रीय और आर्थिक सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह एनवीडिया तथा उसके शेयरधारकों के हितों के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। हालांकि, बोर्ड को फिलहाल ऐसा मानने का कोई कारण नहीं है कि राष्ट्रीय सुरक्षा या एनवीडिया के गोपनीय रहस्यों से समझौता हुआ है। इसके बावजूद जांच में उपलब्ध सभी सूचनाओं की पड़ताल की जाएगी।

श्री हुआंग ने भी जांच का समर्थन करते हुए इसमें पूरा सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई है। उन्होंने कहा कि वह एनवीडिया की सुरक्षा और अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं तथा उन्हें अमेरिकी होने पर गर्व है। श्री हुआंग ने अपने परिवार को इस पूरे मामले से अलग रखते हुए लोगों से उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनके फैसलों के लिए उनका परिवार जिम्मेदार नहीं है, बल्कि इसकी पूरी जिम्मेदारी उनकी अपनी है।शादाब.श्रवण

.....

Next Post

मवेशी व्यापारी हत्या कांड में बड़ी सफलता मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

Mon Nov 9 , 2026
रीवा के अतरैला थाना क्षेत्र में मवेशी व्यापारी की हत्या कर शव दफनाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपियों तक पुलिस पहुंच गई है। बताया जा रहा है कि आज अतरैला पुलिस इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर सकती है। […]

You May Like