मुंबई, (वार्ता) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ((शरदचंद्र पवार) के संस्थापक शरद पवार को दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद शीर्ष नेताओं और उद्योगपति गौतम अडानी की उनसे मुलाकातों से राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
सूत्रों का कहना है कि किसी नए राजनीतिक समीकरण या फेरबदल की संभावना बेहद कम है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फोन कर शरद पवार के स्वास्थ्य का हालचाल जाना और उन्हें आराम करने की सलाह दी।
श्री पवार का हालचाल जानने के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने फोन पर बात की।
वहीं अस्पताल पहुंचने वालों में उद्योगपति गौतम अडानी, शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत, भाजपा विधायक राणा जगजीत सिंह पाटिल और वरिष्ठ कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट शामिल रहे। इससे पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने भी अस्पताल में श्री पवार से मुलाकात की थी।
श्री पटेल की दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद श्री पवार से हुई इस भेंट का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें श्री पवार को यह कहते सुना गया, “हम 10 तारीख के बाद साथ बैठेंगे।”
श्री पवार के इस बयान से 10 नवंबर के बाद बातचीत की अटकलें शुरू हो गईं, हालांकि श्री पटेल ने अस्पताल में किसी भी राजनीतिक चर्चा से इनकार किया है।
दोनों राकांपा धड़ों के विलय की अफवाहों के बीच, संजय राउत ने स्पष्ट किया कि श्री पवार के भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होने का कोई सवाल ही नहीं उठता।
दूसरी ओर, राकांपा नेता सुनील तटकरे और शशिकांत शिंदे ने मीडिया को बताया कि दिवंगत अजीत पवार की 12 फरवरी 2026 को दोनों धड़ों के विलय की योजना थी, जिसे आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने बारामती में बैठक भी की थी। फिलहाल विभिन्न राजनीतिक दलों का मानना है कि श्री पवार के अस्पताल से डिस्चार्ज होने तक ऐसी राजनीतिक अटकलें जारी रहेंगी।
