
ओंकारेश्वर, तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर के प्रतिष्ठित समाजसेवी संगठन ‘ग्रुप 14 चौक 56′ द्वारा सामाजिक सरोकार के तहत एक सराहनीय पहल की गई है। ग्रुप के सदस्यों ने क्षेत्र के ग्रामीण और आदिवासी बाहुल्य अंचलों में पहुंचकर दीपावली के पावन अवसर पर खुशियां बिखेरीं।
संगठन द्वारा आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कड़िया कुंड, मंढा झोल, सैलानी, बखतगढ़ और तालाब पुर (तालाब) का दौरा किया गया। इस दौरान ग्रुप के सदस्यों ने स्थानीय जरूरतमंद महिलाओं और बच्चों को साड़ियां, त्योहार की मिठाइयां और पटाखे वितरित किए। अपनी पसंदीदा चीजें और मिठाइयां पाकर ग्रामीणों और बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस पुनीत कार्य में ’14 चौक 56 ग्रुप’ के साथ इंदौर के प्रसिद्ध समाजसेवी अजय अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। उनके इस योगदान के लिए ग्रुप के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों ने उनका आभार व्यक्त किया। इस सेवा कार्य के दौरान ग्रुप के अनेक सेवाभावी सदस्य और ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
