
भोपाल। राजधानी में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब जनप्रतिनिधियों के बंगले भी सुरक्षित नहीं हैं। निवाड़ी विधायक अनिल जैन के भोपाल स्थित बंगले में खिड़की के सरिए तोड़कर अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर विधायक के कमरे में लगी एलईडी टीवी, डायनिंग टेबल पर रखे ड्रायफ्रूट्स के डिब्बे और उनका चश्मा लेकर फरार हो गए। घटना का पता बुधवार दोपहर उस समय चला, जब बंगले पर काम करने वाला कर्मचारी वहां पहुंचा।
पुलिस के अनुसार फरियादी कालीचरण अहिरवार (73), निवासी गोपाल नगर अवधपुरी, दुग्ध महासंघ से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं और विधायक अनिल जैन के बंगले पर काम करते हैं। उन्होंने बताया कि 3 नवंबर को दोपहर 12 बजे वे बंगले पर पहुंचे थे, तब सब कुछ सामान्य था। इसके बाद 4 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे जब वे दोबारा बंगले पहुंचे तो खिड़की के सरिए टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो विधायक के कमरे में लगी एलईडी टीवी, डायनिंग टेबल पर रखे ड्रायफ्रूट्स के डिब्बे और चश्मा गायब थे। कर्मचारी ने आशंका जताई कि 3 नवंबर दोपहर 1 बजे से 4 नवंबर दोपहर 3 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
