
इंदौर. क्राइम ब्रांच ने वर्ष 2026 में साइबर ठगी के शिकार लोगों को 6 करोड़ 79 लाख 63 हजार 17 रुपए वापस कराए हैं. साथ ही 350 से अधिक हैक फेसबुक-इंस्टाग्राम अकाउंट रिकवर और लोगों के नाम व फोटो का दुरुपयोग कर बनाए गए 450 से अधिक फर्जी अकाउंट ब्लॉक करवाए हैं.
पुलिस ने लोगों को एपीके फ्रॉड, ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट और टास्क फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, एआई डीपफेक व वॉइस क्लोनिंग, फर्जी लोन ऐप, बैंकिंग-केवाईसी और बिजली बिल के नाम पर होने वाली ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी है. ठग फर्जी ऐप से मोबाइल का एक्सेस लेकर बैंक खाते से रकम निकालते हैं, अधिकारी बनकर डराते हैं और परिचितों की आवाज या चेहरा इस्तेमाल कर पैसे मांगते हैं. फर्जी लोन ऐप से ब्लैकमेलिंग और बिजली कनेक्शन काटने के संदेश भेजकर भी ठगी की जा रही है. मामले में एडिशनल डीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने बताया कि साइबर ठगी की राशि वापस कराने के साथ हैक और फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट पर कार्रवाई की गई है. किसी भी तरह की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं और अनजान लिंक या ऐप से बचें.
