हैदराबाद, (वार्ता) तेलंगाना की राजधानी की साइबर क्राइम पुलिस ने अक्टूबर 2026 में 38 साइबर अपराध मामलों केमें सात राज्यों से 55 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है और पीड़ितों को लगभग 50 लाख रुपये की राशि वापस कराई है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम एवं एसआईटी) एम. श्रीनिवासुलु ने बुधवार को बताया कि राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) से मिली शिकायतों के आधार पर महीने के दौरान 129 प्राथमिकी दर्ज की गईं।
गिरफ्तार किए गए आरोपी ट्रेडिंग धोखाधड़ी (20), ओटीपी धोखाधड़ी (10), सोशल मीडिया अपराध (सात), निवेश धोखाधड़ी (चार), व्यावसायिक धोखाधड़ी (चार), डिजिटल अरेस्ट (तीन), एपीके धोखाधड़ी (तीन), धन शोधन (एक), हनी ट्रैप (एक) और अन्य मामलों में शामिल थे।
आरोपियों की सबसे ज्यादा गिरफ्तारियां महाराष्ट्र (16) और तेलंगाना (16) से हुईं, जिसके बाद आंध्र प्रदेश (नौ), गुजरात (सात), दिल्ली (पांच), हरियाणा (एक) और उत्तर प्रदेश (एक) का स्थान रहा।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 37 मोबाइल फोन, 10 डेबिट/क्रेडिट कार्ड, आठ चेक बुक और छह बैंक पासबुक जब्त की हैं।
रिफंड के आंकड़ों के अनुसार, 56 मामलों में पीड़ितों को 25.46 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था, जिसमें से अक्टूबर के दौरान 49.99 लाख रुपये बरामद कर वापस कराए गए। इसमें सर्वाधिक 34.20 लाख रुपये ट्रेडिंग धोखाधड़ी में, 9.54 लाख रुपये डिजिटल अरेस्ट में और 5.13 लाख रुपये निवेश धोखाधड़ी के मामलों में रिफंड किए गए।
इसके अलावा, जोनल साइबर सेल्स ने 2,649 याचिकाएं प्राप्त कीं, 393 प्राथमिकी दर्ज कीं, 14 मामलों में 18 लोगों को गिरफ्तार किया और 25.96 लाख रुपये का अतिरिक्त रिफंड कराया।
साइबर गश्त के तहत पुलिस ने आपत्तिजनक सामग्री और धोखाधड़ी वाले विज्ञापनों में संलिप्त 101 फेसबुक व इंस्टाग्राम प्रोफाइल की पहचान कर उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवाया।
एक प्रमुख मामले में, पुलिस ने हैदराबाद के 70 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी से हनी-ट्रैप के जरिए 38 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में आंध्र प्रदेश के पालकोल्लू से 26 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया। अतिरिक्त आयुक्त ने नागरिकों को अनजान प्रोफाइल, फर्जी निवेश समूहों, संदिग्ध एपीके फाइलों और डिजिटल अरेस्ट जैसे घोटालों से सावधान रहने तथा धोखाधड़ी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम की वेबसाइट पर रिपोर्ट करने की सलाह दी है।
