भंवरासा-पालसोड़ा मार्ग पर हादसे में सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत

नीमच। जीरन थाना क्षेत्र के भंवरासा-पालसोड़ा मार्ग पर शुक्रवार रात सडक़ हादसे में 62 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक राधेश्याम मालवीय की मौत हो गई। वे नीमच से अपने घर पालसोड़ा लौट रहे थे, तभी रात करीब 11:30 बजे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर वाहन की नंबर प्लेट मिलने से पुलिस को चालक की पहचान करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

जानकारी के अनुसार, राधेश्याम मालवीय पिता नाथूलाल मालवीय निवासी पालसोड़ा को टक्कर लगने के बाद गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल नीमच पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मौके पर छूटी नंबर प्लेट बनी अहम सुराग

दुर्घटना के बाद वाहन चालक घायल की मदद करने के बजाय मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर वाहन की नंबर प्लेट मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के लिए यह महत्वपूर्ण सुराग साबित हो सकती है, जिससे दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक का पता लगाने में मदद मिलेगी।

परिजनों ने की कार्रवाई की मांग

शनिवार सुबह जिला अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम किया गया। सेवानिवृत्त शिक्षक की असमय मौत से परिवार में शोक छा गया। परिजनों ने फरार वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और संबंधित वाहन की पहचान करने में जुटी है।

Next Post

जीत आखिर जीत होती है, गठबंधन सरकार बनाएगा विपक्ष : येर लैपिड

Sat Oct 31 , 2026
यरुशलम, 31 अक्टूबर (वार्ता) इजराइल के निवर्तमान विपक्षी नेता और ब’याचद पार्टी के दूसरे नंबर के नेता यायर लैपिड ने शुक्रवार को दावा किया कि मंगलवार को हुए आम चुनाव में नेतन्याहू विरोधी गठबंधन ने ‘अंकों के आधार पर जीत’ हासिल की है और अगली सरकार बनाने के लिए गठबंधन […]

You May Like